यूक्रेन संकटः यूरोप के सबसे बड़े परमाणु संयंत्र पर रूस का कब्जा - Khabri Guru

Breaking

यूक्रेन संकटः यूरोप के सबसे बड़े परमाणु संयंत्र पर रूस का कब्जा



कीव। रूस ने अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) को सूचना दी है कि उसके सैन्य बलों ने यूक्रेन के जापुरीझझिया परमाणु ऊर्जा संयंत्र (एनपीपी) के आसपास के क्षेत्र को अपने नियंत्रण में ले लिया है। यह यूरोप का सबसे बड़ा परमाणु संयंत्र है। आईएईए के महानिदेशक राफेल मारियानो ग्रॉसी ने बुधवार को यह कहा।

इस संबंध में महानिदेशक ग्रॉसी को 1 मार्च को एक आधिकारिक पत्र लिखा गया। पत्र में वियना में इंटरनेशनल ऑर्गेनाइजेशन्स के लिए रूसी फेडरेशन के स्थायी मिशन ने यह भी कहा कि संयंत्र पर अधिकारी परमाणु सुरक्षा मुहैया कराने एवं रेडिएशन की निगरानी करने का अपना काम जारी रखे हुए हैं। रेडिएशन का स्तर सामान्य बना हुआ है।

इससे पूर्व, एक मार्च को यूक्रेन ने आईएईए को सूचित किया था कि उसके सभी परमाणु ऊर्जा संयंत्रों पर राष्ट्रीय ऑपरेटर का नियंत्रण बरकरार है। बुधवार सुबह में अपडेट देते हुए स्टेट न्यूक्लियर रेगुलेटरी इंस्पेक्टोरेट ऑफ यूक्रेन (एसएनआरआईयू) ने कहा कि वह देश की परमाणु सुविधाओं के संपर्क में बना हुआ है। उसने यह भी बताया कि एनपीपी सामान्य रूप से काम कर रहा है।

जापुरीझझिया संयंत्र यूक्रेन के 15 परमाणु ऊर्जा रिएक्टरों में सबसे बड़ा है। आईएईए के महानिदेशक ग्रॉसी लगातार इस बात पर जोर देते आए हैं कि यूक्रेन के परमाणु ऊर्जा संयंत्रों की सुरक्षा के लिए खतरा बनने वाले किसी भी सैन्य या अन्य कदम से बचना चाहिए।

पेज