भाजपा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की छवि खराब की, विवादित बयान देने वालों की गिरफ्तारी हो: कांग्रेस - Khabri Guru

Breaking

भाजपा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की छवि खराब की, विवादित बयान देने वालों की गिरफ्तारी हो: कांग्रेस

नई दिल्ली। कांग्रेस ने पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ विवादित टिप्पणी के मामले को लेकर सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा पर देश को दुनिया भर में शर्मिंदा करने एवं छवि धूमिल करने का आरोप लगाया और कहा कि भाजपा की गलती के लिए भारत माफी नहीं मांगेगा। मुख्य विपक्षी पार्टी ने यह भी कहा कि भाजपा के नेतृत्व को माफी मांगनी चाहिए और विवादित टिप्पणी करने वाले नेताओं को गिरफ्तार किया जाना चाहिए। भाजपा ने रविवार को अपनी राष्ट्रीय प्रवक्ता नूपुर शर्मा को निलंबित कर दिया था और दिल्ली के अपने मीडिया प्रमुख नवीन कुमार जिंदल को निष्कासित कर दिया था। पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ दोनों नेताओं की कथित अपमानजनक टिप्पणी को लेकर कुछ मुस्लिम देशों ने कड़ी आपत्ति जताई है।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘आंतरिक रूप से विभाजित भारत बाह्य रूप से कमजोर होता है। भाजपा की शर्मनाक कट्टरता ने सिर्फ हमें अलग-थलग ही नहीं कर दिया है, बल्कि वैश्विक स्तर पर भारत की स्थिति को क्षति पहुंचाई है.’ पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, ‘भाजपा एक तरफ़ तो धार्मिक ध्रुवीकरण कर और नफरत फैला कर भारत की सदियों पुरानी ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की परंपरा का अपमान करती है तो दूसरी ओर सब धर्मों के सम्मान का ढोंग व पाखंड करती है। उन्होंने सवाल किया, ‘क्या भाजपा अपने तौर-तरीकों में सुधार लाने के प्रति गंभीर है? क्या भाजपा अपने अपराधों का पश्चाताप करने की बजाय गिरगिटी रंग बदल रही है? क्या अब भारत की आत्मा, विचारधारा और मानवता की समावेशी परंपरा पर ‘नफरत का बुलडोज़र’ चलना बंद हो जाएगा?’ कांग्रेस नेता ने कटाक्ष करते हुए कहा, ‘भाजपा द्वारा दिया एक छोटा सा बयान भारतीयता के सिद्धांत को पहुंचाए गए लाखों ज़ख्मों को नहीं भर पाएगा। यह उनके लिए सीख है जो राजनीति की इस शतरंज में एक प्यादे से ज्यादा कुछ नहीं, जिनका इस्तेमाल कर काम हो जाने के बाद उन्हें ‘दूध में से मक्खी’ की तरह निकालकर फेंक दिया जाएगा।’

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने ट्वीट कर कहा, ‘नूपुर शर्मा और नवीन कुमार ‘इस्लामोफोबिया’ (इस्लाम को लेकर दुराग्रह) के मूल रचयिता नहीं है। वे सिर्फ राजा के प्रति अधिक वफादार दिखाने का प्रयास कर रहे थे।’ उन्होंने कहा, ‘घरेलू स्तर पर आलोचना से भाजपा अपने दो प्रवक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई करने को विवश नहीं हुई। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिक्रिया के चलते भाजपा कार्रवाई के लिए विवश हुई।’

कांग्रेस ने सोमवार को ट्वीट किया, ‘भाजपा की गलती की माफी देश नहीं मांगेगा। भाजपा की गलती की माफी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मांगें। देश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शर्मिंदा करने वाले असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई के नाम पर नाटक करने की बजाए उन्हें गिरफ्तार किया जाए।’ पार्टी प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा, ‘भारत माफी मांगे, ऐसी गलती हमारे देश ने नहीं की है। गलती भाजपा ने की है, उसका खामियाजा देश क्यों भुगते?’ उन्होंने कहा, ‘हमारे देश ने गलती नहीं की है। भाजपा को माफी मांगनी चाहिए. प्रधानमंत्री जी, अगर आप सही समय पर बोल देते और जहर घोलना बंद करवा देते तो आज हमें शर्मिंदा नहीं होना पड़ता। प्रधानमंत्री जी, पहले आपको देश के लोगों से माफी मांगनी चाहिए।

पेज