अंततः भाजपा की ओर से डाॅ.जामदार का नाम फाइनल, संघ के करीबी होने का मिला फायदा, कांग्रेस के अन्नू सिंह से होगा मुकाबला - Khabri Guru

Breaking

अंततः भाजपा की ओर से डाॅ.जामदार का नाम फाइनल, संघ के करीबी होने का मिला फायदा, कांग्रेस के अन्नू सिंह से होगा मुकाबला


भोपाल। RSS से जुड़े डाॅ.जितेन्द्र जामदार को जबलपुर से बीजेपी का महापौर प्रत्याशी बनाया गया है। दरअसल बीजेपी में जबलपुर नगर निगम चुनाव में महापौर पद के लिए प्रमुख रूप से चार नामों पर लगातार चर्चा चल रही थी। डाॅ.जामदार के अलावा कमलेश अग्रवाल, युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अभिलाष पाण्डेय तथा वरिष्ठ नेता संदीप जैन का नाम प्रमुख रूप से चर्चा में था। इन नामों पर कई दौर में मंथन किया गया और अंततः आरएसएस की पसंद डाॅ.जामदार के नाम पर मोहर लगा दी गई। हालांकि एक दिन पहले ही उनके नाम फायनल होने की खबर आ गई थी लेकिन अधिकृत रूप से उनके नाम की घोषणा मंगलवार को जारी सूची के माध्यम से किया गया। डाॅ.जामदार संगठन से जुड़े होने के कारण सदैव चर्चा में रहे हैं।

बीजेपी ने महापौर के जिन 14 प्रत्याशियों की घोषणा की है। उनमें से 6 चेहरे विधायकों की पसंद हैं। जबकि 4 कैंडिडेट संघ के भरोसेमंद माने जाते हैं। 2 उम्मीदवारों के लिए क्षेत्रीय सांसदों की चली है। वहीं 2 प्रत्याशियों को बीजेपी संगठन के लिए काम का इनाम मिला है।

14 महापौर प्रत्याशी घोषित
इससे पहले भाजपा ने 16 में से 14 नगर निगमों के लिए महापौर प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है। 7 महिलाओं को टिकट दिया गया है। रीवा से प्रमोद व्यास, कटनी से ज्योति दीक्षित, बुरहानपुर से माधुरी पटेल को उम्मीदवार बनाया गया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने बताया कि ग्वालियर, रतलाम में प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की गई है। 

अन्नू सिंह से होगा मुकाबला
जनअभियान परिषद के उपाध्यक्ष डाॅ. जितेंद्र जामदार, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की पसंद हैं, जबकि गृहमंत्री अमित शाह के करीबी सांसद राकेश सिंह ने पूर्व एमआईसी सदस्य कमलेश अग्रवाल को टिकट देने की पैरवी की थी। सिंह बीजेपी कोर कमेटी के सदस्य भी हैं। हालांकि वे केवल पहली बैठक में शामिल हुए थे, जबकि डाॅ. जामदार के नाम पर मोहर मंगलवार सुबह हुई बैठक में लगाई गई। अब डाॅ. जामदार का मुकाबला कांग्रेस के जगत बहादुर सिंह अन्नू से होगा।

सोशल मीडिया पर दिखी नाराजगी
डाॅ.जामदार का नाम फायनल होने की जानकारी सोमवार की शाम हो ही आ गई थी। तभी से सोशल मीडिया पर उनके विरोधियों ने हमला बोलना प्रारंभ कर दिया था। कोरोनाकाल को आधार बनाकर उनके खिलाफ लगातार पोस्ट आने लगीं। जब आम कार्यकर्ता सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी बात रखने लगे तो नगर अध्यक्ष जीएस ठाकुर ने मोर्चा संभाला। पोस्ट के जवाब में लिखा कि आप संगठन के अनुशासन के खिलाफ जा रहे हैं, संयम बरतें। वहीं पार्टी से जुड़े तमाम लोग इस बात को भी दबी जुबान से कह रहे हैं कि आज की तारीख में भाजपा की जीत को आसान नहीं कहा जा सकता है। आम कार्यकर्ताओं व लोगों से डाॅ.जामदार का सीधा जुड़ाव न होना उनकी चुनावी राह में मुश्किलें पैदा कर सकता है।
 

पेज