
लखनऊ। रामपुर विधानसभा सीट पर आगामी उपचुनाव में समाजवादी पार्टी की तरफ से आसिम रजा को प्रत्याशी बनाया गया है। सपा के वरिष्ठ नेता आजम खां ने यह मंगलवार शाम यह घोषणा की। जबकि भाजपा ने एक बार फिर आकाश सक्सेना को प्रत्याशी बनाया है। सपा के पूर्व विधायक आजम खां के खिलाफ आकाश सक्सेना ने ही संघर्ष किया है। आकाश की शिकायतों पर ही आजम के खिलाफ कई मामले दर्ज हुए है। पार्टी ने विधानसभा चुनाव में भी आकाश को प्रत्याशी बनाया था लेकिन वह चुनाव हार गए। नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 18 नवंबर तक चलेगी।
इस सीट पर दूसरी बार विधानसभा का चुनाव कराए जाने का एलान कर दिया गया है। वजह है नफरती भाषण देने के एक मामले में कोर्ट से आजम खां को तीन साल की सजा मिलने के बाद उनकी विधायकी रद्द कर दी गई है। उनकी विधायकी रद्द होने के बाद इस सीट को रिक्त घोषित कर दिया गया था। इसके बाद चुनाव आयोग ने इस सीट पर उप चुनाव कराए जाने का एलान कर दिया है। आजम खां ने सांसद रहते हुए इस सीट पर 2022 का विधानसभा चुनाव लड़ा था और जीत हासिल की थी। इस चुनाव में उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा के आकाश सक्सेना को पराजित किया था।