बताया गया है कि गुरुवार की शाम सदर के गैरिसन मैदान में लाडली बहनों के संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। जिसमें एक लाख बहनों के आने की बात की जा रही थी। इस आयोजन में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री को निर्धारित समय के अनुसार 3:45 पर हेलीकॉप्टर से कोबरा मैदान पर उतरना था। गैरिसन मैदान में एक साथ कई कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। जिनमें विकास कार्यों की प्रदर्शनी, हितग्राहियों को लाभान्वित करना, भूमिपूजन और लोकार्पण आदि शामिल थे। जिले में पहली बार लाडली बहनों का इतना बड़ा आयोजन हो रहा था। जिसके लिए जिला प्रशासन, पुलिस, नगर निगम सहित सरकारी अमला कई दिनों से तैयारियों को अंजाम दे रहा था। आयोजन में शामिल होने के लिए जिले के लोक निर्माण, कुटीर एवं ग्रामोद्योग तथा जिले के प्रभारी मंत्री गोपाल भार्गव का भी नगर आगमन हो चुका था।
कार्यक्रम शुरू होता उसके आधे घंटे पहले ही शहर के साथ-साथ सदर क्षेत्र में भी तेज हवा चली और बारिश होने लगी जिसके कारण वहां पर अफरातफरी का माहौल बन गया।
जहां जगह मिली वहां भागी बहनें
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अचानक चली तेज हवा और बारिश के कारण आयोजन स्थल पर पहुंची महिलाएं सिर छुपाने के लिए सुरक्षित जगह तलाशने लगी और जैसे जैसे बारिश तेज हुई तो जिसको जहां जगह मिली उस तरफ दौड़ पड़ी इनमें से कई महिलाएं अपने साथ छोटे-छोटे बच्चों को भी लाई थी जो अफरातफरी के माहौल में रोने लगे
सीएम से बात कर निरस्त हुआ प्रोग्राम
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रशासन ने मौके की नजाकत को देखते हुए तत्काल मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से बात की और स्थिति की जानकारी दी जिस पर मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम निरस्त करने के निर्देश दिए साथ ही उन्होंने आयोजन में पहुंची महिलाओं को सुरक्षित उनके स्थान तक पहुंचाने की व्यवस्था करने भी कहा इसके बाद यहां पर मौजूद महिलाओं को उन वर्षों तक पहुंचाया गया जिनसे वह अपने घरों से आई थी।
