Breaking

100 करोड़ की लागत से शहर में लगेगा सोलर प्लांट


जबलपुर। महापौर जगत बहादुर सिंह ‘‘अन्नू’’ ने वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए पारित बजट में शहर को महानगर का स्वरूप प्रदान करने का जो सपना दिखाया था अब धीरे धीरे पूरा होते नज़र आ रहा है। 

इसी कड़ी में शहर में विद्युत व्यय को कम करने और शहर को सौगात देने के लिए 100 करोड़ रूपये की लागत से सोलर प्लांट लगाने की योजना शीघ्र ही धरातल पर दिखाई देगी। इस संबंध में महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने आज नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज, नेताप्रतिपक्ष कमलेश अग्रवाल, विभागीय प्रभारी एवं एम.आई.सी. सदस्य दिनेश तामसेतवार, निगमायुक्त स्वप्निल वानखड़े तथा स्मार्ट सिटी के सी.ई.ओ. चन्द्रप्रताप सिंह गोहल के साथ बैठक कर कार्य योजना को अमल में लाने पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई एवं कैलेन्डर तैयार किया गया। इस दौरान महापौर ने बताया कि जिस कम्पनी के द्वारा भोपाल नगर निगम में सोलर प्लांट लगाया गया है, वही कम्पनी को आज बैठक में बुलाकर चर्चा की गई तथा पॉवर प्वाइंट प्रजेन्टेशन के माध्यम से प्रक्रिया एवं सोलर प्लांट के संबंध में जानकारियॉं ली गई।

महापौर श्री अन्नू ने बैठक के दौरान निर्देशित किया कि प्लांट लगाने के संबंध में कंसल्टेंट की नियुक्ति के लिए शीघ्र टेन्डर जारी करने की कार्यवाही शुरू की जाये, जिसपर अधिकारियों ने बताया कि टेन्डर जारी करने की प्रक्रिया जारी है। इस दौरान महापौर ने कहा कि तीन महिने से लेकर नौ महिने के बीच शहर में 100 करोड़ रूपये की लागत से सोलर प्लांट की स्थापना कराकर शहर को एक और बड़ी सौगात दी जायेगी।
और नया पुराने