भाजयुमो नगर अध्यक्ष को प्रदेश अध्यक्ष के सामने कार्यकर्ताओं ने पीटा - Khabri Guru

Breaking

भाजयुमो नगर अध्यक्ष को प्रदेश अध्यक्ष के सामने कार्यकर्ताओं ने पीटा

 

इंदौर। अनुशासन का दम भरने वाली भाजपा में शनिवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष वैभव पंवार के सामने ही नगर अध्यक्ष सौगात मिश्रा की कार्यकर्ताओं ने जमकर पिटाई कर दी। बताया जाता है कि प्रदेश मंत्री शुभेंद्र गौड़ के इशारे पर उन्हीं के समर्थकों ने पिटाई की। शुभेंद्र विधायक मालिनी गौड़ के रिश्तेदार हैं। 

यह  घटनाक्रम उस समय हुआ जब युवाओं से जुड़े एक आयोजन के बाद प्रमुख नेता व कार्यकर्ता भोजन के लिए भंवरकुआं स्थित एक रेस्टोरेंट में पहुंचे थे। यहां पंवार, मिश्रा और गौड़ अलग से बैठे थे, तभी किसी बात को लेकर गौड़ और मिश्रा के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते गौड़ के साथ मौजूद पांच-छह कार्यकर्ताओं ने मोर्चा अध्यक्ष मिश्रा की पिटाई शुरू दी। पंवार ने बचाव की कोशिश की तो उनके साथ भी हाथापाई की गई। उनका कुर्ता फट गया। रेस्टोरेंट में भी तोड़फोड़ की गई। पिटाई करने  वालों में वे कार्यकर्ता भी शामिल हैं, जो पूर्व विधायक गोपी नेमा के घर हमले में शामिल थे। 

सौगात मिश्रा का कहना है कि घटनाक्रम दुखद है। मैंने अपनी बात अनुशासित तरीके से संगठन के समक्ष रख दी है। वहीं शुभेंद्र गौड़ ने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया है। गौड़ के करीबियों ने कहा कि शुभेंद्र के बड़े पिता के निधन की बात पर मिश्रा ने टिप्पणी की थी।

पेज