मध्य प्रदेश में 220 महीने के शासन में 225 घोटाले हुए, प्रियंका गांधी का सरकार पर सीधा हमला, - Khabri Guru

Breaking

मध्य प्रदेश में 220 महीने के शासन में 225 घोटाले हुए, प्रियंका गांधी का सरकार पर सीधा हमला,


जबलपुर। कांग्रेस ने पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के नेतृत्व में मिशन 2023 में सत्ता पाने के लिए मध्य प्रदेश कांग्रेस के चुनाव अभियान का जबलपुर से शंखनाद सोमवार को कर दिया। इसके लिए महाकौशल की राजनीति के केंद्र बिंदु जबलपुर को ही चुना गया हैं। मां नर्मदा के पूजन के साथ ही विजय अभियान का आगाज किया गया। प्रियंका ने जबलपुर पहुंचकर पहले नर्मदा पूजन व आरती के बाद रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया तथा एक सभा को भी संबोधित किया।

गोलबाजार स्थित शहीद स्मारक में सभा को प्रियंका गांधी ने संबोधन नर्मदा मैया के जयकारा के साथ शुरु किया। इस मौके पर उन्होंने मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि 18 साल के 220 महीने के शासन में 225 घोटाले हुए हैं। घोटाले पर घोटाले होते रह। यहां हुए घोटालों की लंबी लिस्ट हैं। उन्होंने कहा कि मैं सोच रही थी कि धर्म में जैसी आस्था होती है वैसी आस्था राजनीति, जनता, देश-प्रदेश के प्रति भी होना चाहिए।

जनता से किए पांच वादे
प्रियंका गांधी ने कहा कि जब कांग्रेस की सरकार एमपी में आई थी, उन डेढ़ साल में कितना काम हुआ। 27 लाख किसानों का कर्ज माफ हुआ। सामाजिक सुरक्षा पेंशन को बढ़ाया गया था। एक करोड़ परिवारों को बिजली मुफ्त मिली थी। गौशालाएं बनवाई गई थीं। आज भी ऐसे ही काम कांग्रेस की सरकार कर रही है। मैं आपसे वादे कर रही हूं, जो पूरे होंगे। हर महीने 1500 रुपये महिलाओं को मिलेंगे। गैस सिलेंडर 500 रुपये में मिलेगा। आपके लिए 100 यूनिट बिजली माफ होगी। 200 यूनिट बिजली बिल की हाफ होगी। पुरानी पेंशन लागू होगी। आपका दर्द हम समझते हैं। किसान कर्ज माफी का काम पूरा करेंगे। बचे किसानों का ऋण माफ होगा। ये हमारी गारंटी है।

प्रियंका गांधी ने कहा कि धनादेश के दम पर यहां जनादेश को कुचला जाता हैं। लोगों का एमपी में पिछले 18 सालों में सिर्फ इस्तेमाल हुआ और शोषण हुआ। यहां सिर्फ रिश्वतराज चला। इस दौरान उन्होंने कर्नाटक चुनाव परिणाम का जिक्र करते हुए कहा कि जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकार है, वहां जो भी वादे किए वह पूरे हो रहे हैं। अब एमपी की बारी हैं। प्रियंका गांधी ने कहा कि सोचने समझने के लिए सिर्फ 6 महीने बचे हैं। जागरूक बनकर देखिए, समझिए और सुनिए। अब बहुत हो गया गुमराह करने का काम। अब आप मजबूर करे कि मंच पर जो भी आए वो सच बोले।

उन्होंने मौजूदा बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में बेरोजगारों को रोजगार नहीं मिल रहा। बीते 18 साल के शासन में 22 हजार घोषणाओं के जबाव में बमुश्किल एक फीसदी पूरी हुई। प्रियंका बोली कि घोषणाओं की संख्या के बराबर ही बेरोजगारों को नौकरी दे देते तो कम से नौजवानों का भला होता। इस दौरान प्रियंका गांधी ने एक किसान की कहानी का जिक्र करते हुए कहा कि मेहनती किसान को टीवी पर बहुत कुछ दिखाया जा रहा हैं। लेकिन हकीकत कुछ और ही है। ये देश किसानों ने बनाया हैं। किसान के लिए सरकार ने कुछ नहीं किया। किसान देश की रीढ़ है। एमपी में सरकार सिर्फ भ्रष्टाचार के लिए चली।

हिन्दू हूं, लेकिन बेवकूफ नहीं - कमलनाथ
आमसभा को संबोधित करते हुए पूर्व सीएम कमलनाथ ने भाजपा के हिन्दुत्व एजेण्डे पर एक बार फिर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि धर्म आचार, विचार का विषय हैं। प्रचार का नहीं। बीजेपी धर्म के नाम पर सिर्फ प्रचार करती हैं। मैं गर्व से कहता हूं कि हिन्दू हूं, लेकिन बेवकूफ नहीं हूं। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आम सभा में पहुंचे लोगों से कहा कि पांच महीने बाद मुझे मत देखना और न ही कांग्रेस पार्टी को देखना। बल्कि सिर्फ सच्चाई को देखना और मध्य प्रदेश को देखना। इस दौरान मेयर जगत बहादुर सिंह अन्नू और गौरव भनोट ने कमलनाथ को चांदी की गदा भेंट की।

कार्यकर्ताओं में प्रियंका फूंक गई जान
प्रियंका गाधी ने मध्य प्रदेश के जबलपुर से विधानसभा चुनाव 2023 के लिए चुनाव प्रचार की शुरूआत की है। उनके मप्र आने से कांग्रेस में उत्साह देखा गया। खासतौर पर यहां की सुप्तप्राय कांग्रेस में कार्यकर्ता न तो सरकार के खिलाफ मुखर हो रहे थे और न ही ऐसी कोई तैयारी दिख रही थी जो आगामी विधानसभा चुनाव में मददगार साबित हो सके। प्रियंका गांधी के कुछ ही घन्टों के कार्यक्रम ने उनमें नया जोश पैदा दिया। इसकी बानगी एक दिन पहले प्रदेश महासचिव द्वय दिनेश यादव तथा अनुराग गढ़वाल के नेतृत्व में उत्तर विधानसभा क्षेत्र में निकाली गई जनजागरण रैली के दौरान देखने मिली।

प्रियंका की सुरक्षा के लिए प्रशासन रहा अलर्ट
प्रियंका को यूं तो जेड प्लस सुरक्षा हासिल हैं लेकिन एक दिन पहले पुलिस को कुछ इनपुट मिले। जिसके बाद उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। जानकारी के अनुसार करीब एक दर्जन डीएसपी-टीआई रैंक के अधिकारी 200 पुलिस जवानों के साथ तैनात रहे।


आत्मीय आगवानी की गई
डुमना विमानतल पर पूर्व सीएम कमलनाथ भी प्रियंका गांधी के साथ ही आए थे। जहां प्रदेश व नगर के प्रमुख नेताओं ने प्रियंका गांधी की आगवानी की। इसके बाद वे हेलीकाॅप्टर से गौरीघाट पहुंचीं जहां राज्यसभा सांसद विवेक कृष्ण तन्खा सहित अनेक विधायकों व पार्टी नेताओं ने प्रियंका का गर्म जोशी से स्वागत किया। वहीं खास बात यह रही कि कांग्रेस की स्थिति तथा सरकार बनाने के लिए सकारात्मक प्रयासों पर महात्मा गांधाी वार्ड के पार्षद हर्षित यादव द्वारा दिए गए सुझावों को प्रियका गांधी ने गौर से सुना। 

रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण
ग्वारीघाट में नर्मदा पूजन अर्चन करने के बाद प्रियंका गांधी का काफिला भंवरताल गार्डन पहुंचा। जहां उन्होंने रानी दुर्गावती की स्थापित प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। कांग्रेस नेताओं ने उन्हें वीरांगना के जबलपुर से जुड़े इतिहास के बारे में भी बताया। इस दौरान आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों से आए कांगे्रस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने आत्मीय अभिनन्दन किया।

पेज