Collector's meaningful step
खबरी गुरु, जबलपुर। जिले में गौवंश को सड़क दुर्घटनाओं से बचाने के उद्देश्य से कलेक्टर दीपक सक्सेना की अगुवाई में चलाए जा रहे अभियान के सकारात्मक नतीजे सामने आने लगे हैं। जबलपुर-भोपाल राष्ट्रीय राजमार्ग पर शहपुरा जनपद पंचायत क्षेत्र में संचालित इस विशेष अभियान के चलते न केवल सड़क पर गौवंश का विचरण घटा है, बल्कि दुर्घटनाओं की संख्या में भी उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है।
इस अभियान के अंतर्गत राजमार्ग के आस-पास की गौशालाओं की पहचान कर, सड़क पर भटकने वाले गौवंश को इन गौशालाओं में सुरक्षित पहुंचाया गया। इन गोशालाओं में चारे-पानी की समुचित व्यवस्था ग्राम पंचायतों द्वारा की जा रही है, जबकि गौवंश के स्वास्थ्य की देखरेख की जिम्मेदारी जनपद पंचायत शहपुरा द्वारा निभाई जा रही है।
उप पुलिस महानिरीक्षक (डीआईजी) अतुल सिंह ने कलेक्टर सक्सेना की इस पहल को "सड़क सुरक्षा की दिशा में एक अनुकरणीय प्रयास" बताया। उन्होंने कहा, "यह अभियान न केवल मवेशियों की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहा है, बल्कि सड़क पर वाहन चालकों की सुरक्षा भी बढ़ा रहा है। दुर्घटनाओं में आ रही गिरावट इसके प्रभाव को स्पष्ट करती है।"
ज्ञात हो कि इस अभियान की रूपरेखा 14 जुलाई को जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारीअभिषेक गहलोत की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में तय की गई थी। बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग पर पशुओं के विचरण को रोकने और उन्हें गौशालाओं अथवा कांजी हाउस में भेजने जैसे व्यावहारिक उपायों पर विचार किया गया। साथ ही, पशुपालकों को मवेशियों को खुले में न छोड़ने हेतु जागरूक करने की रणनीति भी बनाई गई।
इसके बाद 15 जुलाई से जनपद पंचायत शहपुरा के अंतर्गत अभियान की शुरुआत हुई, जो अब सफलता की दिशा में अग्रसर है। जिले में इस पहल को अन्य क्षेत्रों में भी लागू करने की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं।