नई दिल्ली। महाराष्ट्र की राजनीति से एक बेहद दुखद खबर सामने आ रही है। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान हादसे में निधन की सूचना मिली है। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह करीब 8:45 बजे बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान उनका चार्टर्ड विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में अजित पवार सहित कुल पांच लोगों की मौत की पुष्टि की जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अजित पवार मुंबई से चार्टर्ड प्लेन द्वारा बारामती पहुंचे थे। विमान जैसे ही रनवे पर उतर रहा था, उसी दौरान वह असंतुलित होकर रनवे से फिसल गया और दुर्घटना का शिकार हो गया। हादसा इतना भीषण बताया जा रहा है कि विमान में सवार अजित पवार के निजी सहायक, सुरक्षाकर्मी और विमान स्टाफ भी इसकी चपेट में आ गए।
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने इस दुर्घटना में पांच लोगों की मौत की पुष्टि की है, हालांकि कुछ समय पहले मृतकों की संख्या छह बताए जाने की भी खबर सामने आई थी। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है और तकनीकी खराबी अथवा लैंडिंग के दौरान चूक की आशंका जताई जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, अजित पवार बारामती में होने वाले पंचायत चुनावों के सिलसिले में चार जनसभाओं को संबोधित करने वाले थे। हादसे की खबर मिलते ही पूरे राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जा रहा है कि एनसीपी प्रमुख शरद पवार और सांसद सुप्रिया सुले उस समय दिल्ली में मौजूद थे और सूचना मिलते ही वे परिवार के अन्य सदस्यों के साथ बारामती के लिए रवाना हो गए हैं, जबकि कुछ परिजन मुंबई स्थित आवास की ओर निकल पड़े हैं।
अजित पवार महाराष्ट्र की राजनीति के एक प्रभावशाली और अनुभवी नेता माने जाते थे। उनके कथित निधन की खबर से न केवल महाराष्ट्र बल्कि पूरे देश में उनके समर्थकों और राजनीतिक सहयोगियों में गहरा शोक व्याप्त है। प्रशासन और पार्टी स्तर पर आगे की औपचारिक घोषणाओं का इंतजार किया जा रहा है।
