सड़क पर लगेगा सदन, शहर में शुरू होगा “समानांतर सदन” अभियान - Khabri Guru

Breaking

सड़क पर लगेगा सदन, शहर में शुरू होगा “समानांतर सदन” अभियान

खबरी गुरु न्यूज

जबलपुर। शहर में पेयजल की गुणवत्ता को लेकर लगातार उठ रहे सवालों के बीच कांग्रेस पार्षद दल ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ खुला मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस ने घोषणा की है कि 2 फरवरी से शहर के प्रमुख चौराहों पर “समानांतर सदन” लगाकर जनता को जल संकट की वास्तविक स्थिति से अवगत कराया जाएगा। इस अभियान की शुरुआत 2 फरवरी को नौदरा ब्रिज से की जाएगी। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह शहर का सबसे व्यस्त इलाका है, जहां से रोजाना हजारों लोग गुजरते हैं, इसलिए यहां से आंदोलन शुरू कर सीधे आम जनता से संवाद किया जाएगा और जल संकट को लेकर जागरूकता फैलाई जाएगी।


कांग्रेस नेताओं का कहना है कि उन्होंने बीते दिनों नगर निगम अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपकर धारा-30 की बैठक में नर्मदा जल से जुड़े मुद्दों पर चर्चा और जवाब की मांग की थी, लेकिन निगम प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस जवाब सामने नहीं आया। इसी कारण अब कांग्रेस इस मुद्दे को सीधे जनता के बीच ले जा रही है।

कांग्रेस का आरोप है कि शहर के कई इलाकों में नालियों के भीतर से पेयजल की पाइप लाइन गुजर रही है, जिससे जल की स्वच्छता पर गंभीर खतरा पैदा हो गया है। इसके बावजूद नगर निगम ने आज तक न तो कोई ठोस सर्वे किया और न ही कोई स्पष्ट कार्ययोजना सार्वजनिक की है।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जब नागरिक दूषित पानी की शिकायत करते हैं तो निगम केवल औपचारिक कार्रवाई कर मामला रफा-दफा कर देता है। जल की जांच रिपोर्ट भी आज तक सार्वजनिक नहीं की गई है, जबकि निगम लगातार पानी को स्वच्छ बताने का दावा करता रहा है।

कांग्रेस का दावा है कि उनके स्तर पर कराई गई जांच में पानी में हानिकारक बैक्टीरिया की मौजूदगी सामने आई है, जो नागरिकों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। इसी को लेकर कांग्रेस ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं।

कांग्रेस पार्षद दल का आरोप है कि नगर निगम सदन में इन मुद्दों पर चर्चा से बच रहा है, इसलिए अब “समानांतर सदन” के माध्यम से जनता के बीच जन-संवाद स्थापित किया जाएगा, जहां वही सवाल पूछे जाएंगे जो सदन में दबा दिए गए।

पेज