जलेबी ने कराई युवक की हत्या, गोराबाजार में हुई वारदात - Khabri Guru

Breaking

जलेबी ने कराई युवक की हत्या, गोराबाजार में हुई वारदात


खबरी गुरु न्यूज 
जबलपुर। गोराबाजार थाना क्षेत्र के ग्राम भीटा-जैतपुरी में एक मामूली कहासुनी ने भयावह रूप ले लिया। मेले में जलेबी खाने की बात पर उपजा विवाद आखिरकार एक युवक की सरेराह हत्या में बदल गया। घटना के बाद गांव और आसपास के इलाकों में सनसनी फैल गई है।

जानकारी के अनुसार, दो दिन पूर्व गांव में आयोजित मेले के दौरान साजन झरिया और कृष्णा उइके के बीच जलेबी को लेकर बहस हो गई थी। उस समय मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था, लेकिन बताया जा रहा है कि विवाद की टीस आरोपी के मन में बनी रही।

बुधवार देर रात कृष्णा उइके अपनी मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में साजन ने उसे रोक लिया। दोनों के बीच दोबारा बहस शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि साजन ने चाकू निकालकर कृष्णा पर कई वार किए। गंभीर चोटों के कारण कृष्णा मौके पर ही गिर पड़ा।

घायल अवस्था में उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के लिए उसे विक्टोरिया जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही गोराबाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी वारदात के बाद से फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपी को हिरासत में लेने का दावा किया जा रहा है।

मामूली विवाद से हुई इस हत्या ने क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल बना दिया है। स्थिति को देखते हुए पुलिस क्षेत्र में सतर्कता बनाए हुए

पेज