जबलपुर | बेलबाग थाना अंतर्गत छोटी ओमती के कदम तलैया क्षेत्र में होली की रात पुरानी रंजिश को लेकर दो गुट आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने फायरिंग कर दी, जिसमें आयुष नामक युवक घायल हो गया। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विवाद और हमला: परिजनों के अनुसार, रात को होली खेलने के बाद वे घर के बाहर बैठे थे, तभी अप्पा सोनकर, अंशुल सोनकर और राकेश खटीक अपने साथियों के साथ पहुँचे और गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने गोली चला दी और बाद में 15-20 लड़कों ने मिलकर घर पर जमकर पथराव किया।
पुरानी रंजिश का मामला:
घायल के चाचा मंटू सोनकर ने बताया कि दो दिन पहले भी आरोपियों ने उनके भतीजे शुभम सोनकर के साथ मारपीट की थी। उसी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया है।
पुलिस की कार्रवाई:
बेलबाग थाना प्रभारी जितेंद्र पाटकर के अनुसार, दोनों पक्षों में लंबे समय से विवाद चल रहा है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की जांच कर रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी फायरिंग की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।