होली के बाद तालाब में डूबने से किशोर की मौत, SDRF ने निकाला शव
सिहोरा के पोंडा गांव की घटना, गांव में शोक का माहौल
जबलपुर। सिहोरा थाना क्षेत्र के पोंडा गांव में होली के बाद एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। होली खेलने के बाद तालाब में नहाने गए एक किशोर की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बुधवार शाम पोंडा गांव के कुछ किशोर होली खेलने के बाद रंग छुड़ाने और नहाने के लिए गांव के तालाब पर पहुंचे थे। सभी किशोर तालाब के किनारे और पानी में मस्ती कर रहे थे। इसी दौरान किशोर वेद राय अचानक गहरे पानी में चला गया और कुछ ही पलों में डूबकर आंखों से ओझल हो गया।
घटना के बाद उसके साथ मौजूद किशोर घबराकर गांव पहुंचे और परिजनों व ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण तालाब पर पहुंच गए और किशोर की तलाश शुरू की, लेकिन काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लग सका।
इसके बाद घटना की सूचना सिहोरा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने तालाब में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद गुरुवार को एसडीआरएफ टीम ने तालाब से किशोर वेद राय का शव बरामद कर लिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। इस दुखद घटना के बाद मृतक के परिवार में गहरा शोक व्याप्त है और गांव में भी मातम का माहौल बना हुआ है।