जबलपुर। क्राइम ब्रांच और खितौला थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थ गांजा की तस्करी में लिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 20 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई जा रही है, बरामद किया है। इसके साथ ही दो मोबाइल फोन, 700 रुपये नकद और एक टैंकर ट्रक भी जब्त किया गया है।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों और अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा, नगर पुलिस अधीक्षक सिहोरा आदित्य सिंघारिया तथा डीएसपी क्राइम उदयभान बागरी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
थाना प्रभारी खितौला रमन सिंह के अनुसार 8 अप्रैल 2026 को क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पान उमरिया रोड से एक नीले रंग के पेट्रोल-डीजल टैंकर में कुछ लोग गांजा लेकर शहडोल से जबलपुर की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने बिजली ऑफिस के सामने नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका।
टैंकर (क्रमांक MP 18 H 5408) में सवार चालक देवराज यादव (रीवा), महेंद्र कुमार पटेल (शहडोल) और बिनोद कुमार यादव (सतना) को हिरासत में लेकर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान महेंद्र पटेल के पास 13 पैकेट और बिनोद यादव के पास 7 पैकेट गांजा मिला। कुल 20 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में क्राइम ब्रांच और खितौला थाना पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसमें उप निरीक्षक रामबरण मिश्रा सहित कई पुलिसकर्मियों ने सक्रिय योगदान दिया।
