जबलपुर। रांझी क्षेत्र में नगर निगम के पंप हाउस से बिजली चोरी का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने पर जांच करने पहुंचे अधिकारियों ने मौके पर एक निजी ई-रिक्शा को पंप हाउस की बिजली से चार्ज होते हुए पाया।
नगर निगम जोन क्रमांक 10 के संभागीय अधिकारी नरेश शर्मा ने बताया कि उन्हें लगातार शिकायत मिल रही थी कि मरघटाई क्षेत्र स्थित पंप हाउस से बिजली का अवैध उपयोग किया जा रहा है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने औचक निरीक्षण किया, जिसमें मामला सही पाया गया।
निरीक्षण के दौरान पंप हाउस में मौजूद ऑपरेटर सिद्धार्थ चौधरी अपने ई-रिक्शा को सरकारी बिजली से चार्ज करते हुए मिला। पूछताछ करने पर उसने स्वीकार किया कि ई-रिक्शा उसी का है। इसके बाद पूरे मामले को आगे की विभागीय कार्रवाई के लिए जल विभाग को सौंप दिया गया।
साथ ही बिजली चोरी का प्रकरण दर्ज करने के लिए विद्युत कंपनी और पुलिस को सूचना दे दी गई है। सूत्रों के अनुसार, आरोपी ऑपरेटर रांझी स्थित जलशोधन केंद्र में पदस्थ एक कर्मचारी का बेटा बताया जा रहा है। यह भी आरोप लगाए जा रहे हैं कि वह लंबे समय से इस तरह बिजली का दुरुपयोग कर रहा था।
