महिला की संदिग्ध मौत, कोकिला रिसॉर्ट संचालक अनिल पचौरी पर आरोप - Khabri Guru

Breaking

महिला की संदिग्ध मौत, कोकिला रिसॉर्ट संचालक अनिल पचौरी पर आरोप


जबलपुर। लम्हेटा बाइपास क्षेत्र में सोमवार रात एक संदिग्ध सड़क हादसे में 38 वर्षीय महिला स्वरूपा झारिया की मौत के बाद मामला गरमा गया है। मृतका तिलवाराघाट की निवासी थीं। घटना के बाद परिजनों ने इसे साधारण हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है।

बताया जा रहा है कि सोमवार रात करीब 10 बजे कोकिला रिसॉर्ट के मालिक अनिल पचौरी स्वरूपा झारिया को अपने साथ ले गया था। इसके लगभग एक घंटे बाद परिजनों को फोन कर लम्हेटा बाइपास बुलाया गया। जब वे मौके पर पहुंचे तो वहां अनिल पचौरी और उसका बेटा अभय मौजूद थे। उन्होंने जानकारी दी कि एक अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे स्वरूपा झारिया करीब 50 मीटर तक घसीटती चली गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।


मंगलवार को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजन शव को एम्बुलेंस से तिलवारा थाने ले पहुंचे और जमकर प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि पुलिस ने अनिल पचौरी को हिरासत में लेने के बावजूद उसे छोड़ दिया और निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया। परिजनों ने पूरे मामले में लीपापोती का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

मृतका की बड़ी बेटी खुशी झारिया ने इस घटना को हत्या करार देते हुए कई सवाल खड़े किए हैं। उसका कहना है कि यदि यह सड़क हादसा था तो केवल उसकी मां को ही गंभीर चोटें कैसे आईं, जबकि अनिल पचौरी को कोई खास नुकसान नहीं हुआ। परिजनों का आरोप है कि संभवतः स्वरूपा को चलती गाड़ी से धक्का दिया गया।

इस मामले में एक पुराना विवाद भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि स्वरूपा झारिया पिछले दो वर्षों तक अनिल पचौरी के यहां माली का काम करती थीं और करीब छह महीने पहले उन्होंने नौकरी छोड़ दी थी। इसके बाद से उन पर दोबारा काम करने का दबाव बनाया जा रहा था।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हर पहलू को ध्यान में रखते हुए सच्चाई सामने लाने की कोशिश में जुटी हुई है।

पेज