जबलपुर। मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा बुधवार को कक्षा 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणाम घोषित किए गए। इस वर्ष जबलपुर जिले के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश की मेरिट सूची में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है।
कक्षा 10वीं में पंडित लज्जा शंकर झा मॉडल हाईस्कूल की श्रेया जैन और संदीपनी विष्णुदत्त हायर सेकंडरी स्कूल सिहोरा की रश्मि गडरी ने 496 अंक हासिल कर प्रदेश में चौथा स्थान प्राप्त किया। वहीं शासकीय रानी दुर्गावती कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की शुभी सैनी ने छठा स्थान और ब्रह्म ऋषि नर्मदा विद्यापीठ के अभिषेक मिश्रा ने सातवां स्थान हासिल किया।
कक्षा 12वीं में भी जिले के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। कला संकाय में अल्फिया अंजुम ने प्रदेश में दसवां स्थान प्राप्त किया। वाणिज्य संकाय में अनम अंसारी और जीव विज्ञान समूह में ओम चौक ने भी दसवां स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया।
इसी क्रम में गुरु गोविंद सिंह पब्लिक स्कूल, पोली पाथर की छात्रा नमामि पटेल ने गणित-विज्ञान समूह में 500 में से 450 अंक अर्जित कर उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की। उनके पिता नरेंद्र पटेल और माता गीता पटेल हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और विद्यालय में खुशी का माहौल है।
विज्ञान गणित वर्ग में पूर्वी गोलहानी और कृति पांडे ने आठवां स्थान हासिल किया। वहीं हाईस्कूल में राजश्री विश्वकर्मा ने 98.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विशेष उपलब्धि दर्ज की। उनके पिता वेल्डिंग का कार्य करते हैं, जिससे उनकी सफलता और भी प्रेरणादायक बनती है।
जिले में इस बार कुल 43 हजार विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें 23,938 छात्र 10वीं और 19,134 छात्र 12वीं के परीक्षार्थी शामिल रहे। परीक्षा के लिए 100 केंद्र बनाए गए थे, जिनमें 47 शहरी और 53 ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित थे। इनमें से 96 केंद्र नियमित और 4 केंद्र निजी परीक्षार्थियों के लिए निर्धारित किए गए थे।
पूरे परीक्षा सत्र के दौरान केवल एक नकल का मामला सामने आया, जो कुंडम क्षेत्र में दर्ज किया गया।
