जबलपुर। भगवान परशुराम प्रकटोत्सव के पावन अवसर पर मप्र प्रगतिशील ब्राह्मण महासभा द्वारा इस वर्ष भी परंपरा के अनुसार विशाल एवं भव्य वाहन शोभायात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह भक्ति, आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक यह शोभायात्रा 19 अप्रैल को सायंकाल 5 बजे गढ़ा स्थित गुलोआ चौक से विधिवत प्रारंभ होगी।
इस शोभायात्रा में धर्म, संस्कृति और समाज का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। आयोजन में नगर के प्रतिष्ठित संत-महात्मा, विद्वान मनीषी, प्रकांड आचार्य, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न क्षेत्रों की विशिष्ट हस्तियां अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराएंगी। आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में एकता, संस्कार और सनातन परंपराओं के प्रति जागरूकता को सुदृढ़ करना है।
आयोजन को सफल बनाने के लिए महासभा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं द्वारा गढ़ा क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया गया। इस दौरान विप्र समाज के परिवारों और प्रबुद्धजनों से घर-घर जाकर आमंत्रण दिया गया। जनसंपर्क के दौरान समाज में विशेष उत्साह देखने को मिला।
विशेष रूप से मातृशक्ति की सक्रिय भागीदारी इस आयोजन की खास पहचान बन रही है। बड़ी संख्या में महिलाओं ने शोभायात्रा में अग्रिम पंक्ति में शामिल होने का संकल्प लिया और सपरिवार सहभागिता का आश्वासन दिया। इससे आयोजन को और अधिक भव्य एवं प्रभावशाली बनाने की तैयारी है।
इस अवसर पर आयोजित बैठकों और जनसंपर्क कार्यक्रमों में आयोजन समिति के अध्यक्ष अश्विन संजय तिवारी, एडवोकेट आशीष त्रिवेदी, अखिलेश दीक्षित, रत्नेश मिश्रा, एड. सिद्धार्थ शुक्ला, सुजीत अवस्थी, पं. गोविंद दुबे, रूपकिशोर प्यासी, एड. राहुल शुक्ला, माधव पांडेय, एड. प्रवीण बिलथरे, शैलेश पाठक, श्रीमती वर्षा त्रिवेदी, गीता पाण्डेय सहित महासभा के अनेक पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे।
महासभा की ओर से समस्त विप्र बंधुओं एवं संस्कारधानी के सभी सनातन धर्मावलंबियों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में भगवा ध्वज के साथ शोभायात्रा में शामिल होकर भगवान परशुराम का आशीर्वाद प्राप्त करें और इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाएं।
