Breaking

मंगेला में फायरिंग से सनसनी, मारपीट के बाद चली गोलियां


जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र के मंगेला इलाके में बीती रात मारपीट के बाद फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत में कमला नेहरू नगर, यादव कॉलोनी गढ़ा रोड मदनमहल निवासी 28 वर्षीय राहुल पटेल ने बताया कि वह भूसा मशीन का काम करता है। मंगलवार रात करीब 8 बजे वह अपने मामा विकास कुशवाहा के साथ मंगेला के नए मोहल्ले में एक पेड़ के पास ट्रैक्टर का इंतजार कर रहा था।

इसी दौरान पुरानी रंजिश रखने वाला मिलन यादव अपने साथी बब्बू यादव और दो अन्य लोगों के साथ वहां पहुंचा। मिलन ने राहुल से ट्रैक्टर में भूसा भरकर उसके घर पहुंचाने की बात कही। जब राहुल ने प्रति ट्रॉली 3 हजार रुपये किराया बताया, तो इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।

आरोप है कि मिलन यादव मुफ्त में काम कराने का दबाव बना रहा था। मना करने पर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर राहुल और उसके मामा के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान दो आरोपियों ने विकास कुशवाहा को पकड़ लिया, जबकि मिलन ने फरसा अपने साथी बब्बू यादव को दे दिया, जिसने हमला करने की कोशिश की। राहुल ने किसी तरह खुद को बचाते हुए वहां से निकलने का प्रयास किया, लेकिन फरसा का बट उसके सीने में लग गया।

पीड़ित के मुताबिक, जब दोनों वहां से भागने लगे तो मिलन यादव ने डर फैलाने के इरादे से पिस्टल से फायरिंग कर दी और जान से मारने की धमकी दी। घटना में राहुल के हाथ-पैर में चोट आई है, जबकि उसके मामा के पैर और सिर में भी चोटें आई हैं।

माढ़ोताल पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(ए), 115(2), 118(1), 119(1), 125, 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।

और नया पुराने