Breaking

गोराबाजार-बिलहरी में आधी रात को पकड़ी गई बिजली चोरी


जबलपुर। लंबे समय से बिजली बिल का भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ अब बिजली कंपनी ने सख्त रुख अपना लिया है। छह से आठ साल तक बकाया रखने वाले उपभोक्ताओं पर विशेष निगरानी रखते हुए वसूली अभियान तेज कर दिया गया है। वसूली का दबाव इतना बढ़ गया कि मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के सिटी सर्किल के मुख्य अभियंता एसके गिरिया को स्वयं मैदान में उतरना पड़ा।

गुरुवार देर रात उनके नेतृत्व में टीम ने गोराबाजार और बिलहरी क्षेत्र में छापामार कार्रवाई की। इस दौरान उन उपभोक्ताओं को चिन्हित किया गया, जिनके बिजली कनेक्शन पहले ही काटे जा चुके थे, लेकिन उन्होंने अब तक बकाया राशि जमा नहीं की थी। जांच के दौरान कई चौंकाने वाले मामले सामने आए, जहां कनेक्शन कटने के बावजूद अवैध रूप से बिजली का उपयोग किया जा रहा था।

गोराबाजार के भोंगाद्वार क्षेत्र में गणेश प्रसाद के घर पर जांच के दौरान पाया गया कि वर्ष 2022 में करीब 96 हजार रुपए बकाया होने पर कनेक्शन काट दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद घर में बिजली जलती मिली। जांच में स्पष्ट हुआ कि वहां अवैध रूप से बिजली चोरी की जा रही थी।

इसी तरह बिलहरी के चेतना मैदान क्षेत्र में भी टीम ने एक मकान पर कार्रवाई की, जहां करीब छह साल पहले कनेक्शन काटा जा चुका था। मौके पर पहुंचने पर घर सीधे बिजली के खंभे से जुड़ा पाया गया। संबंधित मकान पर लगभग 1 लाख 35 हजार रुपए का बकाया दर्ज है।

अधीक्षण यंत्री संजय अरोरा ने बताया कि इस विशेष अभियान के तहत शहर में करीब 30 टीमें गठित की गई थीं, जिनमें लगभग 30 अधिकारी और 100 कर्मचारी शामिल रहे। जहां-जहां बिजली चोरी के मामले सामने आए, वहां विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 और 126 के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी और बकायेदारों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

और नया पुराने