जबलपुर। थाना लार्डगंज पुलिस ने वाहन चोरी के मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए 11 दुपहिया वाहन, जिनमें 6 मोटरसाइकिल और 5 स्कूटी शामिल हैं, बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपी का नाम वरूण उर्फ कृष्णा यादव (उम्र 18 वर्ष 6 माह) है, जो जयनगर पार्क के पास नयनतारा निवास, यादव कॉलोनी थाना लार्डगंज क्षेत्र का निवासी है। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में लूट, झपटमारी, नकबजनी और वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष गुप्ता तथा नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली रीतेश कुमार शिव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नवल आर्य के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वाहन चोरी करने वाला युवक गोलबाजार क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और बताए गए हुलिए के आधार पर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम वरूण उर्फ कृष्णा बताया और सघन पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने पैसों की कमी और कर्ज चुकाने के लिए विभिन्न थाना क्षेत्रों से दुपहिया वाहन चोरी किए हैं।
आरोपी ने लार्डगंज क्षेत्र से 5, ओमती, पनागर, गढ़ा और तिलवारा से एक-एक तथा गोहलपुर क्षेत्र से 2 दुपहिया वाहन चोरी करना कबूल किया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने यादव कॉलोनी जयनगर पार्क के पास दबिश दी, जहां सड़क किनारे खड़े 11 दुपहिया वाहन बरामद किए गए। जब्त वाहनों में एक्टिवा, एक्सेस, एचएफ डीलक्स, स्प्लेंडर, मेस्ट्रो और यामाहा जैसी गाड़ियां शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 35(1)(ड) बीएनएसएस एवं 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में उप निरीक्षक राहुल बघेल, सहायक उप निरीक्षक राजेश वर्मा, आरक्षक हुलेश परस्ते, पंकज सनोडिया, शुभम पटैल, आदर्श दुबे, कुंदन सिंह तथा महिला आरक्षक पूनम गुप्ता की सराहनीय भूमिका रही।
