जबलपुर। जबलपुर में माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। एक ओर जहां अच्छे परिणाम लाने वाले विद्यार्थी खुशी मना रहे हैं, वहीं असफल विद्यार्थियों को संभालने के लिए परिवार और शिक्षक उन्हें लगातार हिम्मत और प्रेरणा दे रहे हैं।
पुलिस प्रशासन ने एहतियात के तौर पर शहर के प्रमुख और संवेदनशील स्थानों जैसे तिलवारा घाट, बरगी डैम, भेड़ाघाट और ग्वारीघाट पर पुलिसकर्मियों की तैनाती बढ़ा दी है। इन स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।
जबलपुर के पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए असफल छात्रों से अपील की है कि वे निराश न हों। उन्होंने कहा कि यह समय हिम्मत हारने का नहीं, बल्कि दोबारा प्रयास करने का है। सरकार द्वारा छात्रों को दूसरा मौका दिया जा रहा है, जिसका लाभ उठाकर वे अपने परिणाम में सुधार कर सकते हैं।
मॉडल हाई स्कूल की प्राचार्य डॉ. अर्चना ने भी विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच बनाए रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि परीक्षा में असफल होना जीवन का अंत नहीं है, बल्कि यह सीखने और आगे बेहतर करने का अवसर है।
वहीं, प्रदेश में चौथा स्थान हासिल करने वाली छात्रा सिया जैन ने भी अपने साथियों से कहा कि खराब परिणाम आने पर घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर हर छात्र अपने भविष्य को बेहतर बना सकता है।


