जबलपुर। शास्त्री ब्रिज स्थित श्री नृसिंह मंदिर में भगवान श्री नृसिंहदेव के पावन प्राकट्योत्सव के अवसर पर त्रिदिवसीय दिव्य महोत्सव का आज प्रथम दिवस श्रद्धा और भक्ति के साथ प्रारंभ हुआ।
इस पावन अवसर पर पूज्य श्रीमद् जगदगुरु डॉ. स्वामी नरसिंहदेवाचार्य जी महाराज के सानिध्य में महाभिषेक, श्री नृसिंह महामंत्र जाप, हवन एवं भव्य आरती सम्पन्न हुई। मंदिर परिसर में भक्तों की उपस्थिति से आध्यात्मिक वातावरण निर्मित हो गया।
महोत्सव 28, 29 एवं 30 अप्रैल 2026 तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे।
आज प्रातःकालीन कार्यक्रम के अंतर्गत सुबह 10 बजे से 12 बजे तक महाभिषेक एवं महामंत्र जाप हुआ, वहीं सायंकाल 4 बजे से 7 बजे तक अर्चन, हवन, तर्पण एवं महाआरती के साथ कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।
विशेष रूप से 30 अप्रैल को भगवान श्री नृसिंहदेव का जन्मोत्सव बड़े धूमधाम से मनाया जाएगा। इस दिन महाआरती एवं प्रसाद वितरण का भी आयोजन रहेगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
मंदिर समिति ने समस्त श्रद्धालुओं से सपरिवार उपस्थित होकर धर्मलाभ अर्जित करने का आग्रह किया है।