जबलपुर। भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय नेता एवं समरसता सेवा संगठन के संस्थापक अध्यक्ष संदीप जैन ‘गुड्डा’ को जबलपुर विकास प्राधिकरण (JDA) का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति को संगठनात्मक अनुभव और लंबे समय से पार्टी के प्रति समर्पण का परिणाम माना जा रहा है।
संदीप जैन इससे पहले भाजपा महानगर के महामंत्री पद की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं, जहां उन्होंने संगठन को मजबूती देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समरसता सेवा संगठन के माध्यम से उन्होंने सामाजिक कार्यों और जनसेवा में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए अपनी नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया।
राजनीतिक रूप से उन्हें लोक निर्माण मंत्री एवं पूर्व सांसद राकेश सिंह का करीबी और विश्वासपात्र माना जाता है। संगठन और शासन के बीच समन्वय स्थापित करने की उनकी क्षमता को देखते हुए यह नियुक्ति अहम मानी जा रही है।
स्थानीय राजनीतिक हलकों में उनकी नियुक्ति को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया देखी जा रही है और उम्मीद जताई जा रही है कि उनके नेतृत्व में जबलपुर विकास प्राधिकरण शहर के विकास कार्यों को नई गति देगा।
