जबलपुर। समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव आशीष मिश्रा ने जबलपुर के बरगी डैम हादसे के बाद सामने आई स्वास्थ्य सेवाओं की लापरवाही को लेकर कलेक्टर कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मामले में सख्त कार्रवाई और एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
मिश्रा ने आरोप लगाया कि हादसे में घायल लोगों को बिना किसी जिम्मेदार अधिकारी की निगरानी के एम्बुलेंस के जरिए निजी अस्पताल भेज दिया गया। वहां मरीजों से इलाज के नाम पर जबरन 4,700 रुपये वसूले गए, जबकि टिटनेस इंजेक्शन और सामान्य उपचार की वास्तविक लागत बहुत कम होती है।
उन्होंने यह भी बताया कि पीड़ितों के पास न तो पैसे थे और न ही मोबाइल फोन, इसके बावजूद उन पर भुगतान का दबाव बनाया गया। इस घटना ने स्वास्थ्य व्यवस्था में व्याप्त कथित लूट-खसोट को उजागर कर दिया है।
मिश्रा ने प्रशासन पर केवल औपचारिक कार्रवाई करने का आरोप लगाते हुए सवाल उठाया कि ऐसे मामलों में अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ एफआईआर क्यों दर्ज नहीं की जाती। उन्होंने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
