जबलपुर। शहर में लोगों की सेहत से खिलवाड़ का बड़ा मामला सामने आया है। स्थित महात्मा गांधी वार्ड में खुलेआम अस्वच्छ तरीके से चाट और खाद्य सामग्री तैयार की जा रही थी। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद खाद्य विभाग की टीम ने ठाकुर चाट भंडार के कारखाने पर छापा मारकर कार्रवाई की।
खाद्य अधिकारी के नेतृत्व में पहुंची टीम ने जांच के दौरान पाया कि बिना किसी स्वच्छता मानकों के खुले स्थान पर खाद्य सामग्री बनाई जा रही थी। आसपास गंदगी का माहौल था और खाद्य निर्माण के दौरान साफ-सफाई के नियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही थी।
जानकारी के अनुसार, जिस स्थान पर खाद्य सामग्री बनाई जा रही थी वहां पहले अतिक्रमण कर निर्माण किया गया था। नगर निगम द्वारा राम मंदिर के भूखंड से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद भी संचालक खुले में चाट निर्माण का काम जारी रखे हुए था। क्षेत्रीय लोगों का आरोप है कि कई वर्षों से कब्जा कर यहां खाद्य सामग्री तैयार की जा रही थी, जिससे आसपास गंदगी और बदबू का माहौल बना रहता था।
मामले को लेकर क्षेत्र की महिलाओं ने नगर निगम पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। महिलाओं का कहना था कि खुले में बन रही खाद्य सामग्री से न केवल संक्रमण फैलने का खतरा है, बल्कि पूरे इलाके का वातावरण भी दूषित हो रहा है। शिकायतों के बाद हरकत में आए प्रशासन ने खाद्य विभाग के साथ संयुक्त कार्रवाई की।
स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया है कि आखिर लंबे समय से खुले में चल रहे इस खाद्य निर्माण पर पहले कार्रवाई क्यों नहीं हुई। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्ती होती तो नागरिकों की सेहत के साथ इस तरह खिलवाड़ नहीं होता।
अब देखना होगा कि प्रशासन केवल औपचारिक कार्रवाई तक सीमित रहता है या फिर शहर में खुले में संचालित ऐसे अन्य खाद्य निर्माण स्थलों पर भी सख्त अभियान चलाया जाएगा।
