सेवा और संस्कार का लिया नवसंकल्प - Khabri Guru

Breaking

सेवा और संस्कार का लिया नवसंकल्प


दिगम्बर जैन महिला परिषद पार्श्वनाथ शाखा 
का शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न

जबलपुर। अखिल भारतवर्षीय दिगम्बर जैन महिला परिषद की पार्श्वनाथ शाखा, हनुमानताल, चन्दना संभाग का शपथ ग्रहण समारोह नन्हें मंदिर धर्मशाला प्रांगण में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत श्रीमती रिया गढ़ावाल द्वारा मंगलाचरण प्रस्तुत कर की गई।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में नगर निगम जबलपुर के नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में डी.एन. बोर्डिंग शिक्षा समिति के ट्रस्टी प्रभात जैन “विशाल”, नन्हें मंदिर ट्रस्ट कमेटी के ट्रस्टी सुनील गढ़ावाल, छात्र मित्र संस्था मध्यप्रदेश के संस्थापक अनुराग जैन गढ़ावाल एवं श्रीमती रानी जैन शामिल हुए। शाखा की बहनों ने सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया।


शपथ ग्रहण अधिकारी डॉ. विमला दीदी ने नवगठित कार्यकारिणी को पद एवं दायित्व की शपथ दिलाई। उन्होंने कार्यशाला के माध्यम से संस्था के उद्देश्यों, सामाजिक दायित्वों एवं संगठनात्मक मूल्यों पर प्रकाश डालते हुए सभी सदस्यों को समर्पण भाव से कार्य करने के लिए प्रेरित किया। काव्यात्मक शैली में कराई गई शपथ ग्रहण प्रक्रिया ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।
चन्दना संभाग की अध्यक्ष संध्या जैन शांत ने अपने संबोधन में कहा कि केन्द्र एवं प्रांत स्तर से निर्देशित सभी गतिविधियों को सामूहिक सहयोग से सफल बनाकर संस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा।
इस दौरान नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्रीमती अर्चना जैन “सोलार”, सचिव श्रीमती सीमा जैन तथा कोषाध्यक्ष श्रीमती सारिका जैन सहित नई कार्यकारिणी ने विधिवत शपथ ग्रहण की।


सामाजिक सरोकारों के तहत शाखा की बहनों द्वारा एक इंडक्शन कुकटॉप, एक वॉकर का दान किया गया तथा एक बेटी की शिक्षा का दायित्व भी लिया गया।
कार्यक्रम का संयोजन आशा ड्योढ़िया एवं नीलिमा जैन ने किया। संचालन मनीषा जैन और संगीता चौधरी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन नीता जैन द्वारा व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के समापन पर सभी अतिथियों एवं शाखा सदस्यों ने सामूहिक भोज में सहभागिता की।

पेज