रिसॉर्ट करंट कांड : पूर्व तहसीलदार समेत दो जेल भेजे गए - Khabri Guru

Breaking

रिसॉर्ट करंट कांड : पूर्व तहसीलदार समेत दो जेल भेजे गए


जबलपुर। बरेला थाना क्षेत्र के नेंगई सिरौरा स्थित एक रिसॉर्ट में हुए दर्दनाक करंट हादसे के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रिसॉर्ट संचालक और पूर्व तहसीलदार सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं घटना के बाद से फरार चल रहे रिसॉर्ट मैनेजर की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

जानकारी के अनुसार रांझी के बड़ा पत्थर सुभाष नगर निवासी 20 वर्षीय साजन विश्वकर्मा अपने दोस्तों विनीत विश्वकर्मा, नीरज मेहरा और अभिषेक सेन के साथ घूमने के लिए रिसॉर्ट पहुंचा था। इसी दौरान स्विमिंग पूल के पास लगे लोहे के पोल में उतरे करंट की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस जांच में सामने आया कि पूल क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बेहद लापरवाह थी। बताया जा रहा है कि स्लाइडर के पास लगे लोहे के पोल में तेज विद्युत प्रवाह हो रहा था। जैसे ही साजन का हाथ पोल से छुआ, उसे जोरदार करंट लगा और वह जमीन पर गिर पड़ा। हादसा इतना गंभीर था कि युवक की मौके पर ही जान चली गई।

घटना के बाद मृतक के दोस्तों ने रिसॉर्ट प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि हादसे के बाद उन्होंने मदद के लिए काफी गुहार लगाई, लेकिन रिसॉर्ट प्रबंधन ने न तो तत्काल वाहन उपलब्ध कराया और न ही प्राथमिक उपचार की व्यवस्था की। समय पर उपचार नहीं मिलने से स्थिति और गंभीर हो गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने रिसॉर्ट संचालक एवं पूर्व तहसीलदार विवेक त्रिपाठी और कर्मचारी नीलेश कुर्मी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। वहीं फरार रिसॉर्ट मैनेजर मनीष पटैल की तलाश जारी है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 एवं 106(1) के तहत गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। ग्रामीण डीएसपी आकांक्षा उपाध्याय ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पेज