गोली लगने से भाजपा नेत्री की संदिग्ध मौत ! - Khabri Guru

Breaking

गोली लगने से भाजपा नेत्री की संदिग्ध मौत !

आधी रात की घटना से इलाके में सनसनी

जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र के पुराने शोभापुर में शनिवार और रविवार की दरमियानी रात भाजपा नेत्री एवं पूर्व पार्षद प्रत्याशी संगीता रजक (38) की गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोली कैसे चली और इसके पीछे क्या वजह रही।

जानकारी के अनुसार, देर रात रजक परिवार के घर के बाहर अचानक शोर-शराबा सुनाई दिया। आवाज सुनकर परिवार के सदस्य बाहर की ओर दौड़े। इसी दौरान संगीता रजक भी अपनी लाइसेंसी बंदूक लेकर घर की गैलरी में पहुंचीं। कुछ ही क्षण बाद गोली चलने की आवाज आई। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो संगीता गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ी थीं और उनके पेट से अत्यधिक रक्तस्राव हो रहा था।
परिजन तत्काल उन्हें नागरथ चौक स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही रांझी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है।

बताया जा रहा है कि कुछ माह पूर्व भी संगीता रजक के घर पर बमबाजी की घटना हुई थी। ऐसे में पुलिस पुराने विवादों सहित सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। हालांकि, अभी तक किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

घटना की जानकारी मिलते ही भारतीय जनता पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता अस्पताल पहुंच गए। क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस सतर्क है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा। :::

पेज