ट्रैक्टर ट्रॉली में भरी थी चोरी की रेत, चालक गिरफ्तार - Khabri Guru

Breaking

ट्रैक्टर ट्रॉली में भरी थी चोरी की रेत, चालक गिरफ्तार


जबलपुर। चरगवां पुलिस ने अवैध खनन एवं रेत परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर चालक को गिरफ्तार किया है।

थाना प्रभारी सरोजनी चौकसे ने बताया कि रविवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मुरकटिया घाट से अवैध रूप से रेत का उत्खनन कर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से आसपास के क्षेत्रों में बेचा जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम अहमदपुर स्थित हनुमान मंदिर के सामने घेराबंदी की।

इस दौरान गोटेगांव की ओर से आ रहे आईसर ट्रैक्टर क्रमांक एमपी-49 ए-6716 को रोककर जांच की गई। ट्रॉली में रेत भरी मिली। पूछताछ में चालक धीरेन्द्र पिपरोलिया, निवासी ग्राम नोनी, थाना गोटेगांव, जिला नरसिंहपुर ने स्वीकार किया कि वह अपने पिता के ट्रैक्टर से अवैध रूप से रेत लाकर चरगवां क्षेत्र में बेचने जा रहा था। उसके पास रेत परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले।

पुलिस ने रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2), 317(5) तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम की धारा 4/21 के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि कार्रवाई में आरक्षक अभिषेक कौरव, राहुल भारती और विजय कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध खनन और रेत के अवैध परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

पेज