दादा रोहाणी की स्मृति में आज होगा 'गौरव शिखर सम्मान 2026' समारोह - Khabri Guru

Breaking

दादा रोहाणी की स्मृति में आज होगा 'गौरव शिखर सम्मान 2026' समारोह


जबलपुर। सेवा, समर्पण, जनकल्याण और मानवीय संवेदनाओं के प्रतीक रहे स्वर्गीय दादा ईश्वरदास रोहाणी की स्मृति में 'गौरव शिखर सम्मान 2026' का भव्य एवं गरिमामय समारोह 1 जुलाई 2026 (बुधवार) को मानस भवन, राइट टाउन में आयोजित किया जाएगा। समारोह को लेकर मंगलवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में आयोजन समिति ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी साझा की।
समिति के अनुसार समारोह दोपहर 3:30 बजे से प्रारंभ होगा। इसका उद्देश्य समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट, अनुकरणीय एवं प्रेरणादायी योगदान देने वाली विभूतियों का सम्मान कर समाज में सेवा, सकारात्मकता और जनकल्याण की भावना को प्रोत्साहित करना है।
समारोह में शिक्षा, समाज सेवा, महिला सशक्तिकरण, संस्कृति एवं कुटुंब प्रबोधन, युवा प्रेरणा, सनातन ज्ञान, उद्योग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, पत्रकारिता, सेवानिवृत्त सेवा तथा विधि एवं न्याय सहित 12 क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को 'गौरव शिखर सम्मान 2026' से सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव होंगे। समारोह की अध्यक्षता लेफ्टिनेंट जनरल हरविंदर सिंह वंद्रा करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा एवं लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह उपस्थित रहेंगे।
पत्रकार वार्ता में आयोजन समिति के सदस्य डॉ. जितेंद्र जामदार, डॉ. राजेश धीरावाणी, डॉ. स्वाति गोडबोले, रवि गुप्ता, चैतन्य भट्ट, अजय ग्रोवर, संदीप विजन, रजनीत जैन, पंकज गोयल, अनिल नंदवानी, सौरभ बड़ेरिया, एडवोकेट सुमित रघुवंशी, अरुण अग्रवाल (अज्जू) तथा आयोजन सचिव डॉ. सुनील मिश्र उपस्थित रहे।
समिति ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलाचरण, भजन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ होगा, जिसके बाद सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर कार्यक्रम के संरक्षक एवं कैंट विधायक अशोक रोहाणी सहित रिंकू विज और सचिन जैन 'सहारा' भी उपस्थित रहे।

पेज