विधायक प्रीतम लोधी ने फरार बेटे को दी सलाह, बोले- कानून का सम्मान करें, कोर्ट में करें सरेंडर - Khabri Guru

Breaking

विधायक प्रीतम लोधी ने फरार बेटे को दी सलाह, बोले- कानून का सम्मान करें, कोर्ट में करें सरेंडर


शिवपुरी। ग्वालियर की विशेष एससी-एसटी अदालत द्वारा भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी के बेटे दिनेश लोधी को फरार घोषित कर स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किए जाने के बाद विधायक की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि न्यायालय के आदेश का सम्मान किया जाना चाहिए और उनके बेटे को बिना देरी किए अदालत में आत्मसमर्पण कर कानूनी प्रक्रिया का पालन करना चाहिए।

प्रीतम लोधी ने बताया कि दिनेश लोधी के खिलाफ एक पुराना मामला न्यायालय में लंबित है। कई बार पेशी पर अनुपस्थित रहने के कारण अदालत ने उसके खिलाफ स्थायी वारंट जारी किया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उनका परिवार न्यायपालिका में पूरा विश्वास रखता है और कानून से ऊपर कोई नहीं है।

विधायक ने दावा किया कि वह पहले भी तीन बार अपने बेटे को स्वयं पुलिस थाने लेकर गए थे। उन्होंने यह भी कहा कि अतीत में कई इनामी आरोपियों को भी उन्होंने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कराया था। इसी संदर्भ में उन्होंने कहा कि जब वह आरोपियों को लेकर चौकी थाने पहुंचते थे तो पुलिस भी हैरान रह जाती थी।

प्रीतम लोधी ने अपने पुराने मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि उनके खिलाफ भी वर्षों पहले कई मुकदमे चले थे, लेकिन अदालत ने उन्हें दोषमुक्त कर दिया था। उन्होंने कहा कि न्याय व्यवस्था पर उनका भरोसा हमेशा बना रहा है।

इस बीच दिनेश लोधी से जुड़े करैरा थार हादसे के मामले में विधायक का एक पुराना विवादित वीडियो भी सोशल मीडिया पर फिर वायरल हो रहा है। वीडियो में उन्होंने तत्कालीन एसडीओपी पर पक्षपातपूर्ण कार्रवाई का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दी थी। बेटे के फरार घोषित होने के बाद यह वीडियो एक बार फिर राजनीतिक गलियारों और सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।

पेज