
वियतनाम के लोकप्रिय पर्यटन स्थल फु क्वोक द्वीप के समीप शनिवार सुबह भारतीय पर्यटकों से भरी एक टूरिस्ट बोट समुद्र में पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि 21 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। हादसे के समय बोट में कुल 36 लोग सवार थे, जिनमें 32 भारतीय पर्यटक और 4 क्रू सदस्य शामिल थे। मृतकों और यात्रियों में अधिकांश तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के निवासी बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 10:30 बजे समुद्र में तेज लहरों के कारण बोट का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कई पर्यटक लाइफ जैकेट नहीं पहने हुए थे, जिससे दुर्घटना के बाद वे बोट के नीचे फंस गए। यह बोट होन मे रुट से न्गोआई द्वीप की ओर जा रही थी और तट से लगभग 400 मीटर पहले हादसे का शिकार हो गई।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, कोस्ट गार्ड और रेस्क्यू टीमों ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। कई यात्रियों को समुद्र से सुरक्षित निकाला गया, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया। कुछ यात्रियों को मौके पर ही सीपीआर देकर बचाने का प्रयास किया गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि वियतनाम में भारतीय दूतावास और वाणिज्य दूतावास स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में हैं और प्रभावित भारतीयों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
भारतीय दूतावास ने प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया है तथा हेल्पलाइन नंबर +84 36 281 7930, +84 91 552 37 14 और +84 33 452 0414 जारी किए हैं। दूतावास ने बताया कि बोट में सवार 32 भारतीयों में दो महिलाएं भी शामिल थीं, जबकि तीन भारतीय नागरिक घायल हैं और उनका अस्पताल में उपचार जारी है।