' मेरी नहीं हुई तो तेरी भी नहीं होने दूंगा ' शादी से पहले दूल्हे के घर पर हमला, दूल्हा लापता - Khabri Guru

Breaking

' मेरी नहीं हुई तो तेरी भी नहीं होने दूंगा ' शादी से पहले दूल्हे के घर पर हमला, दूल्हा लापता


जबलपुर। गोराबाजार थाना क्षेत्र में शादी से ठीक पहले एक परिवार पर कथित हमले और दूल्हे के लापता होने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि कुछ युवकों ने पहले दूल्हे रहीम खान के साथ मारपीट की और बाद में बड़ी संख्या में घर में घुसकर तोड़फोड़, मारपीट और महिलाओं के साथ अभद्रता की। घटना के बाद शादी भी रुक गई।

परिजनों के अनुसार, रहीम खान की शादी दोनों परिवारों की सहमति से तय हुई थी और घर में विवाह की तैयारियां चल रही थीं। 12 जुलाई की शाम रहीम किसी काम से बाहर गया था। आरोप है कि उसे फोन कर बुलाया गया, जहां तीन-चार युवकों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।

रहीम की बहन रोशन आरा का आरोप है कि उसी रात 8 से 9 बजे के बीच करीब 30 से 40 युवक उनके घर में घुस आए। आरोपियों ने घर में तोड़फोड़ की, परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की तथा महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया। परिवार का यह भी दावा है कि घर में आग लगाने की कोशिश की गई। पीड़ित पक्ष का कहना है कि घटना के सीसीटीवी फुटेज और वीडियो उनके पास मौजूद हैं।

वहीं, एसपी कार्यालय पहुंची युवती ने आरोप लगाया कि बेलबाग निवासी आदित्य बैन उसे और रहीम को लगातार धमकियां दे रहा था। युवती का कहना है कि पहले उसकी आरोपी से दोस्ती थी, लेकिन बाद में वह जबरन शादी का दबाव बनाने लगा। रहीम से विवाह तय होने के बाद उसने धमकी दी कि "अगर मेरी नहीं हुई तो किसी की नहीं होने दूंगा।"




परिवार का आरोप है कि शिकायत के बावजूद तत्काल प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। साथ ही उनका दावा है कि हमले के बाद से रहीम खान लापता है। मामले में डीएसपी आकांक्षा उपाध्याय ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

पेज