जिला अधिवक्ता संघ, अब 28 जुलाई को होगी वोटिंग - Khabri Guru

Breaking

जिला अधिवक्ता संघ, अब 28 जुलाई को होगी वोटिंग


जबलपुर। जिला अधिवक्ता संघ के स्थगित चुनाव को लेकर मध्य प्रदेश स्टेट बार काउंसिल ने नई चुनाव व्यवस्था लागू कर दी है। अब संघ के लिए मतदान 28 जुलाई को कराया जाएगा। बार काउंसिल ने वरिष्ठ अधिवक्ता दिनेश उपाध्याय को मुख्य चुनाव अधिकारी नियुक्त करते हुए चुनाव प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है।


इससे पहले चुनाव के दौरान कथित फर्जी मतदान और अन्य अनियमितताओं के आरोपों के चलते मतदान स्थल पर विवाद की स्थिति बन गई थी। हालात बिगड़ने पर तत्कालीन मुख्य चुनाव अधिकारी जी.एस. ठाकुर ने चुनाव प्रक्रिया को निरस्त कर दिया था और बाद में अपने पद से इस्तीफा भी सौंप दिया था।


चुनाव व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए मध्य प्रदेश स्टेट बार काउंसिल ने सात सदस्यीय तदर्थ समिति का भी गठन किया है। समिति में प्रहलाद चौधरी को संयोजक, राजकुमार दुबे को सह-संयोजक तथा संपूर्ण तिवारी, सुनील चौबे, अभय सिंह ठाकुर, प्रवीण चतुर्वेदी और अरविंद कुमार चौधरी को सदस्य बनाया गया है।


बार काउंसिल ने नए मुख्य चुनाव अधिकारी को स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से चुनाव संपन्न कराने की जिम्मेदारी सौंपी है। पिछले विवाद को देखते हुए इस बार चुनाव प्रक्रिया पर अधिवक्ताओं और बार काउंसिल की विशेष नजर रहेगी।

पेज