स्पा सेंटरों पर पुलिस की दबिश - Khabri Guru

Breaking

स्पा सेंटरों पर पुलिस की दबिश


जबलपुर। शहर में अवैध रूप से संचालित स्पा सेंटरों और कैफेटेरिया के खिलाफ बुधवार शाम पुलिस एवं नगर निगम की संयुक्त टीम ने व्यापक अभियान चलाया। नेपियर टाउन, राइट टाउन, इनकम टैक्स चौराहा, गोहलपुर समेत विभिन्न इलाकों में एक साथ की गई इस कार्रवाई के दौरान कई स्पा सेंटरों की जांच की गई। कुछ स्थानों पर युवक-युवतियां संदिग्ध परिस्थितियों में मिले, जिससे क्षेत्र में हलचल मच गई।

पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ स्पा सेंटरों में नियमों के विपरीत गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इन शिकायतों के आधार पर पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष जाखड़ और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनु बेनीवाल के नेतृत्व में यह संयुक्त अभियान चलाया गया।

जांच के दौरान पुलिस टीम के पहुंचने की भनक लगते ही कुछ लोग मौके से निकल गए। बताया जा रहा है कि राइट टाउन स्थित एक स्पा सेंटर में लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से संचालकों को कार्रवाई की सूचना मिल गई, जिसके बाद कुछ युवक और महिलाएं वहां से चले गए।

दस्तावेज और रिकॉर्ड पुलिस ने लिए कब्जे में

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कई स्पा सेंटरों से रजिस्टर, दस्तावेज और अन्य रिकॉर्ड जब्त किए हैं। इन दस्तावेजों में सेंटर पर आने वाले लोगों का विवरण दर्ज होने की जानकारी मिली है। अब पुलिस इन रिकॉर्ड की बारीकी से जांच कर रही है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष जाखड़ ने बताया कि यह कार्रवाई मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई। उन्होंने कहा कि गोहलपुर और विजय नगर क्षेत्र के कुछ अन्य स्पा सेंटर भी पुलिस के रडार पर हैं, जहां जांच जारी है। वहीं नगर निगम की टीम संबंधित स्पा सेंटरों के लाइसेंस, पंजीयन और अन्य वैधानिक अनुमतियों की भी जांच कर रही है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पेज