Breaking

भेड़ाघाट में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 3.5 एकड़ शासकीय भूमि अतिक्रमण मुक्त; कीमत करीब 1.40 करोड़



जबलपुर। जिला प्रशासन ने सोमवार को भेड़ाघाट क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 3.5 एकड़ शासकीय भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराया। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश पर राजस्व विभाग और नगर परिषद भेड़ाघाट की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। मुक्त कराई गई भूमि की बाजार कीमत करीब 1.40 करोड़ रुपये आंकी गई है।

हेलीपैड के लिए प्रस्तावित 2 एकड़ भूमि मुक्त

पहली कार्रवाई नगर परिषद भेड़ाघाट के अंतर्गत खसरा नंबर 81 की करीब 2 एकड़ शासकीय भूमि पर की गई। एसडीएम गोरखपुर अनुराग सिंह के अनुसार, इस भूमि पर गोपालपुर निवासी छोटा यादव द्वारा मकान बनाकर कब्जा किया गया था और कृषि कार्य किया जा रहा था। विधिवत सुनवाई की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रशासन ने अतिक्रमण हटाकर जमीन को कब्जा मुक्त कराया।

इस भूमि का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 80 लाख रुपये बताया गया है। इसी जमीन पर पर्यटन विभाग द्वारा जबलपुर में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हेलीपैड निर्माण प्रस्तावित है।

डेयरी संचालन के लिए किया था शासकीय जमीन पर कब्जा

इसके बाद संयुक्त दल ने भेड़ाघाट स्थित खसरा नंबर 32 के अंश भाग पर कार्रवाई की। यहां करीब 1.5 एकड़ शासकीय भूमि पर अमीन खान द्वारा कथित तौर पर अवैध कब्जा कर डेयरी संचालित की जा रही थी। टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमित संरचना और सामग्री को हटाया तथा जमीन को कब्जे से मुक्त कराया।

इस भूमि की अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई गई है।

भारी अमले की मौजूदगी में कार्रवाई

अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई के दौरान अतिरिक्त तहसीलदार गोरखपुर ललित ग्वालवंशी, नगर परिषद भेड़ाघाट के सीएमओ विक्रम झरिया, राजस्व निरीक्षक शिवपाल चौधरी सहित संबंधित पटवारी और राजस्व एवं नगर परिषद का अमला मौजूद रहा।

प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध कब्जाधारियों और कथित भू-माफियाओं में हड़कंप की स्थिति बताई जा रही है। प्रशासन ने शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रखने के संकेत दिए हैं।

और नया पुराने