जबलपुर/छिंदवाड़ा। छिंदवाड़ा जिले के कुंडाली कला स्थित पीएम श्री शासकीय स्कूल में छठवीं कक्षा के विद्यार्थियों से कथित तौर पर अनुचित और आपत्तिजनक बातें करने का मामला सामने आया है। बच्चों की शिकायत और प्रारंभिक जांच के बाद जबलपुर संभाग के शिक्षा विभाग के संयुक्त संचालक ने संबंधित महिला शिक्षिका को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामले की विस्तृत विभागीय जांच जारी है।
बच्चों ने प्राचार्य से की लिखित शिकायत
मामला उस समय सामने आया जब छठवीं कक्षा के छात्र-छात्राओं ने स्कूल के प्राचार्य दिनेश शर्मा को लिखित शिकायत दी। बच्चों ने आरोप लगाया कि संबंधित शिक्षिका कक्षा में पढ़ाई कराने के बजाय उनके साथ अनुचित बातचीत करती थीं और कथित तौर पर विद्यार्थियों को पढ़ाई से दूर रहने तथा रिश्तों को लेकर आपत्तिजनक सलाह देती थीं।
बच्चों ने घर पहुंचकर जब यह बात अपने अभिभावकों को बताई तो उन्होंने स्कूल पहुंचकर प्राचार्य के समक्ष शिकायत दर्ज कराई।
नोटिस का जवाब नहीं देने पर भेजी गई रिपोर्ट
प्राचार्य दिनेश शर्मा के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद संबंधित शिक्षिका को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। विभाग के मुताबिक नोटिस का जवाब नहीं मिलने पर मामले की जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी और जबलपुर स्थित संयुक्त संचालक कार्यालय को भेजी गई।
प्रारंभिक जांच में विद्यार्थियों और अभिभावकों द्वारा लगाए गए आरोपों को गंभीर मानते हुए संयुक्त संचालक ने शिक्षिका के निलंबन का आदेश जारी किया।
शिक्षिका ने आरोपों को बताया साजिश
वहीं, निलंबित शिक्षिका ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि स्कूल के कुछ कर्मचारी उनके खिलाफ साजिश कर रहे हैं और बच्चों को उनके विरुद्ध बयान देने के लिए प्रभावित किया गया है।
फिलहाल शिक्षा विभाग द्वारा मामले की विस्तृत विभागीय जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की अंतिम स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
