Breaking

सिहोरा में आबकारी की ताबड़तोड़ कार्रवाई, घरों से देशी शराब, कच्ची शराब और 90 किलो महुआ लाहन बरामद



 जबलपुर। सिहोरा क्षेत्र के ग्राम घोरा कोनी और खितौला में आबकारी विभाग की कार्रवाई से रविवार सुबह हड़कंप मच गया। अवैध रूप से शराब बनाने और बेचने की सूचना पर आबकारी टीम ने कई ठिकानों पर दबिश दी। इस दौरान दो घरों से बड़ी मात्रा में देशी शराब, हाथ भट्टी की कच्ची शराब और महुआ लाहन बरामद किया गया। मामले में तीन लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई है।

घोरा कोनी में घर से बरामद हुई देशी शराब

आबकारी विभाग के अधिकारियों के अनुसार, ग्राम घोरा कोनी में ताराबाई पति रम्मू बर्मन के घर पर अवैध रूप से शराब बनाने और बेचने की सूचना मिल रही थी। इसी सूचना के आधार पर रविवार सुबह करीब 8 बजे आबकारी टीम ने उसके घर पर दबिश दी।

टीम को देखकर मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। कार्रवाई के दौरान घर से 40 पाव देशी प्लेन शराब और 35 पाव मसाला शराब बरामद की गई। विभाग ने शराब को जब्त कर संबंधित महिला के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।

खितौला में कच्ची शराब और 90 किलो लाहन मिला

इसी क्रम में आबकारी टीम ने खितौला स्थित एक अन्य घर पर दबिश दी। यहां से 10 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची शराब और 90 किलो महुआ लाहन बरामद किया गया।

अधिकारियों के मुताबिक महुआ लाहन का इस्तेमाल कच्ची शराब बनाने में किया जाता है। टीम ने लाहन का नमूना लेने के बाद शेष लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया।

अन्य ठिकानों पर भी पहुंची आबकारी टीम

आबकारी विभाग ने क्षेत्र में एक अन्य ठिकाने पर भी दबिश देकर कार्रवाई की। विभाग द्वारा कुल तीन प्रकरण दर्ज किए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि गांव में अवैध रूप से शराब बनाने और बेचने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

कार्रवाई के बाद कई लोग घर छोड़कर भागे

आबकारी टीम की कार्रवाई के बाद घोरा कोनी और खितौला क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बनी रही। कार्रवाई की भनक लगते ही कुछ लोग अपने घरों से निकलकर चले गए। आबकारी विभाग ऐसे लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटा रहा है।

और नया पुराने