2023 में हुआ था तलाक, अस्पताल में हुई थी आरोपी से मुलाकात
पुलिस के मुताबिक महिला का वर्ष 2023 में अपने पति से तलाक हो चुका है। इसके बाद उसने शहर के एक निजी अस्पताल में नौकरी शुरू की थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात बिहार के वैशाली निवासी अविनाश राय से हुई। अविनाश अस्पताल में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत था। दोनों के बीच बातचीत और दोस्ती बढ़ने के बाद नजदीकियां बढ़ गईं।शादी का भरोसा देकर होटल ले जाने का आरोप
महिला ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि अविनाश ने उससे शादी करने का भरोसा दिया था। इसी भरोसे के चलते वह उसके साथ संबंध में आई। महिला के अनुसार, आरोपी उसे जबलपुर के अलग-अलग होटलों में ले गया, जहां शादी का वादा कर उसके साथ दुष्कर्म किया।
ट्रांसफर के बाद भी जबलपुर आता रहा आरोपी
शिकायत के अनुसार, जुलाई 2025 में अविनाश का ट्रांसफर अहमदाबाद हो गया था। इसके बावजूद दोनों के बीच बातचीत जारी रही। महिला का आरोप है कि ट्रांसफर के बाद भी अविनाश कई बार जबलपुर आया और उसे सिविक सेंटर स्थित होटल सिद्धार्थ तथा रसल चौक स्थित होटल मारुति ले गया। यहां भी शादी का भरोसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाया गया है।
दूसरी युवती से सगाई की जानकारी मिलने पर पहुंची थाने
महिला के मुताबिक पिछले कुछ समय से अविनाश ने उससे बातचीत कम कर दी थी और उसके व्यवहार में भी बदलाव आ गया था। जून में उसे जानकारी मिली कि अविनाश ने किसी दूसरी युवती से सगाई कर ली है और जल्द ही उसकी शादी होने वाली है।
इसके बाद महिला बिहार पहुंची और अविनाश से शादी करने की बात कही। आरोप है कि वहां अविनाश ने शादी से इनकार कर दिया और उसे वापस जाने के लिए कहा।
