Breaking

तिलवारा में दर्दनाक सड़क हादसा: 407 वाहन ने स्कूटी को पीछे से मारी टक्कर, महिला-पुरुष की मौत, 6 वर्षीय बच्चा गंभीर

 


जबलपुर। तिलवारा थाना क्षेत्र में शक्ति ढाबा के सामने रविवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पीछे से आए 407 वाहन ने स्कूटी सवार तीन लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में महिला और पुरुष की मौत हो गई, जबकि छह वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बच्चे को मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, ओमकार यादव (40), निवासी ग्राम घंसौर, सिवनी, स्कूटी से मधु उर्फ पार्वती बाई गौंड ठाकुर (35), निवासी सगड़ा तिलवारा और छह वर्षीय विराट गौंड को लेकर बिलहरी की ओर जा रहे थे। शक्ति ढाबा के आगे पीछे से आए 407 वाहन ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही तीनों सड़क पर जा गिरे और 407 वाहन उन्हें कुचलते हुए मौके से फरार हो गया। हादसा देखकर आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। तीनों को एंबुलेंस की मदद से मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने ओमकार यादव और पार्वती बाई को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल विराट को उपचार के लिए भर्ती किया गया है।

हादसे के बाद तिलवारा रोड पर जाम की स्थिति बन गई और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त स्कूटी को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।

पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार 407 वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन और चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

और नया पुराने