Breaking

पाटन में पुरानी रंजिश ने लिया हिंसक रूप, कुल्हाड़ी-लाठियों से परिवार पर हमला; चार गंभीर

 


जबलपुर। पाटन थाना क्षेत्र के ग्राम पौड़ी खुर्द में पुरानी रंजिश को लेकर पड़ोस में रहने वाले दो परिवारों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि पड़ोसियों ने घर के आंगन में गाली-गलौज के बाद शंकर बर्मन पर कुल्हाड़ी और लाठियों से हमला कर दिया। शंकर को बचाने पहुंचे उसके माता-पिता और भाई पर भी आरोपियों ने हमला कर दिया। घटना में परिवार के चार सदस्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए पाटन के शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार पौड़ी खुर्द निवासी शंकर बर्मन (27) की पड़ोस में रहने वाले रिश्तेदार हरि बर्मन के परिवार से पुरानी रंजिश चली आ रही है। इसी विवाद को लेकर बीती रात करीब 8 बजे हरि बर्मन, उसके बेटे जित्तू और कल्लू सहित अन्य लोग कथित तौर पर शंकर के घर के आंगन में खड़े होकर गाली-गलौज कर रहे थे।

शोर सुनकर शंकर बाहर आया और जित्तू को गाली देने से मना किया। इसी बात पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि जित्तू, कल्लू और उनके पिता हरि बर्मन ने कुल्हाड़ी और लाठियां निकालकर शंकर पर हमला कर दिया। हमले में उसके सिर और पीठ में गंभीर चोटें आईं और वह जमीन पर गिर पड़ा।

शंकर पर हमला होते देख उसके पिता रमेश, मां हल्की और भाई अभिषेक बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया, जिससे तीनों को गंभीर चोटें आईं। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग निकले।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चारों घायलों को पाटन के शासकीय अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत को देखते हुए सभी को उपचार के लिए भर्ती किया गया है।

घटना के बाद से गांव में तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने हरि बर्मन, उसके दोनों बेटों जित्तू और कल्लू के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

और नया पुराने