जबलपुर। गोहलपुर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध पिस्टल और दो कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में खेरमाई माता मंदिर के पास टीन शेड के नीचे खड़ा था। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
थाना प्रभारी रितेश पांडे के मुताबिक शुक्रवार रात विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि बाबाटोला निवासी रंजीत उर्फ लाला चौधरी पीले रंग की टी-शर्ट और स्लेटी लोअर पहने भोला नगर स्थित खेरमाई माता मंदिर के पास मौजूद है। उसके पास पिस्टल होने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
पुलिस को देखकर संदिग्ध युवक भागने लगा, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रंजीत उर्फ लाला चौधरी (22), निवासी सिंधी कैंप, बारूद खाना, फकीरचंद अखाड़ा के पीछे बाबाटोला, थाना हनुमानताल बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी की कमर में दाहिनी तरफ एक पिस्टल और लोअर की बाईं जेब से दो कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने हथियार और कारतूस जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार आरोपी को अवैध फायर आर्म्स के साथ पकड़ने में उप निरीक्षक अम्बुज पांडे, प्रधान आरक्षक प्रमोद राय तथा आरक्षक हरेन्द्र, अभिरंजन, गोपाल, आलोक, जयकिशोर और समरेन्द्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
