Breaking

छिंदवाड़ा जिला अस्पताल के NICU में वार्मर मशीन में आग, तीन नवजात झुलसे; जबलपुर में एक की मौत



छिंदवाड़ा। जिला अस्पताल की नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई (NICU) में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात दर्दनाक हादसा हो गया। नवजात बच्चों को गर्म रखने के लिए लगाए गए वार्मर की हीटिंग यूनिट में अचानक स्पार्किंग के बाद आग लग गई। हादसे की चपेट में आकर वार्मर में रखे तीन नवजात गंभीर रूप से झुलस गए। सभी को तत्काल उपचार के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान एक नवजात की मौत हो गई।

रात करीब 2 बजे हुआ हादसा

बताया जा रहा है कि घटना रात करीब 2 बजे की है। NICU में नवजात बच्चों को वार्मर यूनिट में रखा गया था। इसी दौरान वार्मर की हीटिंग यूनिट के फिलामेंट में अचानक तेज स्पार्किंग हुई और देखते ही देखते आग भड़क उठी। आग लगने से वार्मर में मौजूद तीन नवजात इसकी चपेट में आ गए।

गंभीर हालत में जबलपुर रेफर

हादसे के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। डॉक्टरों और अस्पताल स्टाफ ने तत्काल बच्चों को वार्मर से बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार दिया। तीनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें विशेष निगरानी में जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

इलाज के दौरान एक नवजात ने दम तोड़ दिया। वहीं एक बच्चे की हालत अभी भी नाजुक बताई जा रही है और उसे सर्जरी की जरूरत बताई गई है। सिविल सर्जन के अनुसार छिंदवाड़ा में पीडियाट्रिक सर्जन उपलब्ध नहीं होने के कारण बच्चों को बेहतर उपचार के लिए जबलपुर भेजा गया।

वार्मर के फिलामेंट में शॉर्ट सर्किट की आशंका

घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन ने मामले की जांच के लिए टीम गठित की है। प्रारंभिक जांच में वार्मर के फिलामेंट में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि अस्पताल में सुरक्षा मानकों के पालन और संभावित लापरवाही के पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

नवजातों की सुरक्षा से जुड़े इस गंभीर हादसे ने जिला अस्पताल की NICU में इस्तेमाल हो रहे उपकरणों की सुरक्षा और नियमित तकनीकी जांच को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

और नया पुराने