Breaking

चेरीताल फ्लाईओवर से नीचे गिरा एक्टिवा सवार, दर्दनाक हादसे में युवक की मौत



जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर के चेरीताल क्षेत्र में गुरुवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में एक्टिवा सवार युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अज्ञात वाहन की टक्कर के बाद युवक नियंत्रण खो बैठा और फ्लाईओवर से नीचे जा गिरा। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान मदन महल निवासी प्रमोद दास के रूप में हुई है। वह करौंदा नाला बायपास स्थित शराब दुकान में काम करता था। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक प्रमोद देर रात अपनी एक्टिवा से चेरीताल फ्लाईओवर से गुजर रहा था। इसी दौरान पीछे से आए किसी अज्ञात वाहन ने उसकी एक्टिवा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि प्रमोद वाहन से उछलकर फ्लाईओवर के नीचे जा गिरा।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई। इधर, प्रमोद के देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजन परेशान हो गए। रात करीब एक बजे तक उसका पता नहीं चलने पर परिवार ने उसके मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन उठाकर परिजनों को हादसे की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां उन्हें प्रमोद के फ्लाईओवर से नीचे गिरने और उसकी मौत होने की जानकारी मिली। अचानक हुए इस हादसे से परिवार में मातम छा गया।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किस वाहन की टक्कर से हुआ और दुर्घटना की वास्तविक परिस्थितियां क्या थीं, इसका पता लगाने के लिए पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल सकती है।

और नया पुराने