जबलपुर। शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने और यातायात संचालन को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने यातायात थानों के प्रभारियों में फेरबदल किया है। प्रशासनिक स्तर पर किए गए इस बदलाव के तहत मालवीय चौक और गढ़ा यातायात थानों के प्रभारियों को हटाकर नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
जानकारी के मुताबिक मालवीय चौक यातायात थाना प्रभारी अरुण पटेल और गढ़ा यातायात थाना प्रभारी इंदिरा सिंह को पुलिस लाइन भेजा गया है। वहीं, मालवीय चौक यातायात थाने की कमान अब दिनेश शर्मा संभालेंगे। इसी तरह गढ़ा यातायात थाने का प्रभार मनीष प्यासी को सौंपा गया है।
घमापुर यातायात थाने में भी बदला
फेरबदल के तहत घमापुर यातायात थाने का प्रभार अश्वनी पटेल को दिया गया है। वहीं, घमापुर यातायात थाने में पदस्थ शशि धुर्वे का स्थानांतरण सिविल लाइन थाना किया गया है।
पुलिस विभाग के इस फेरबदल को शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है। मालवीय चौक, गढ़ा और घमापुर जैसे प्रमुख क्षेत्रों में लगातार बढ़ते यातायात दबाव के बीच नए प्रभारियों के सामने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने की चुनौती होगी।
अब देखना होगा कि नई जिम्मेदारियां संभालने के बाद यातायात पुलिस शहर में जाम, अव्यवस्थित पार्किंग और यातायात नियमों के उल्लंघन जैसी समस्याओं पर कितनी प्रभावी कार्रवाई कर पाती है।
