रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा जिले में पिछले कुछ घंटों से जारी मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। लगातार बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं और शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। कई स्थानों पर सड़कों पर दो से तीन फीट तक पानी भर गया, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और राजस्व विभाग की टीमें प्रभावित क्षेत्रों के साथ-साथ नदी-नालों और पुल-पुलियों पर लगातार निगरानी कर रही हैं। प्रशासन ने लोगों से उफनते पुल-पुलियों को पार नहीं करने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की है।
शहर के कई इलाकों में जलभराव
तेज बारिश के बाद नीम चौराहा, निराला नगर हॉस्टल, बोदाबाग, समान बांध मोहल्ला, उपरहटी, तरहटी, लाखोरीबाग, संजय नगर और अनंतपुर सहित कई इलाकों में जलभराव हो गया। सड़कों पर पानी भरने से आवागमन मुश्किल हो गया है। कुछ स्थानों पर बारिश का पानी दुकानों और मकानों में भी घुस गया, जिसके चलते लोगों को अपना सामान सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना पड़ा।
निहाई नदी उफान पर, कई गांवों का संपर्क प्रभावित
पड़ोसी जिले मऊगंज में भी लगातार बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। पिछले तीन दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण निहाई नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया है। इसके चलते हनुमना विकासखंड के करीब एक दर्जन गांवों का मऊगंज मुख्यालय से संपर्क प्रभावित हुआ है।
नदी के पुल पर पानी आने के बावजूद कुछ लोगों द्वारा जोखिम उठाकर आवाजाही किए जाने की जानकारी सामने आई है। वहीं, नईगढ़ी से बूढ़ा और चकरहनटोला-फतुवा मार्ग भी बाधित होने से कई गांवों का आवागमन प्रभावित हुआ है।
24 घंटे निगरानी, कंट्रोल रूम सक्रिय
बारिश और संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस, राजस्व और राहत दलों को तैनात किया है। जिला स्तरीय कंट्रोल रूम को सक्रिय कर 24 घंटे स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी, नाले और जलमग्न पुल-पुलियों के पास जाने से बचें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना दें। अधिकारियों के मुताबिक राहत और बचाव दल किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं।
