जबलपुर। मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय है। प्रदेश के कई हिस्से काले बादलों से घिरे हुए हैं और तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब सक्रिय हो गया है और अगले 24 घंटे में उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ेगा। इसके साथ ही मानसून की द्रोणिका बीकानेर, सतना और डाल्टनगंज से होकर गुजर रही है। दोनों मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां और बढ़ने के आसार हैं।
जबलपुर समेत इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 13 अगस्त को जबलपुर, शिवपुरी और श्योपुरकलां में भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है।इसके अलावा भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर और पांढुर्णा में भी गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।
16 अगस्त को अति भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने 16 अगस्त को जबलपुर, छिंदवाड़ा और बालाघाट में अति भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, नरसिंहपुर, सिवनी, मंडला, दमोह और छतरपुर में भारी बारिश हो सकती है।नदी-नालों के पास जाने से बचें
लगातार बारिश के बीच मौसम विभाग ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। लोगों से कहा गया है कि बारिश के दौरान नदी, नाले और जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास जाने से बचें। तेज बारिश के दौरान बिजली गिरने और तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए खुले स्थानों पर सावधानी बरतने की भी अपील की गई है।
