Breaking

होटल में लग्जरी कमरा नहीं मिला तो मैनेजर पर कर दी फायरिंग, छोटू चौबे गैंग का गुर्गा कुनाल गिरफ्तार

 


जबलपुर। लॉर्डगंज पुलिस ने होटल मैनेजर पर फायरिंग के मामले में छोटू चौबे गैंग के कथित गुर्गे कुनाल पटेल को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पिस्टल, कारतूस और बाइक बरामद की है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि फायरिंग में इस्तेमाल पिस्टल उसे छोटू चौबे ने दी थी।

पुलिस के मुताबिक, रानीताल गेट नंबर-1 निवासी शिवम अग्रवाल (29) राइट टाउन स्थित अवलोकन इन होटल में मैनेजर है। 26 जुलाई को जगदीश अखाड़ा क्षेत्र निवासी कुनाल पटेल होटल पहुंचा और रात रुकने के लिए लग्जरी कमरा मांगा। कमरे उपलब्ध नहीं होने की बात कहकर शिवम ने कमरा देने से मना कर दिया। इस पर कुनाल कथित तौर पर धमकी देकर वहां से चला गया।

 अगले दिन बाइक से पहुंचा, मैनेजर पर की फायरिंग

पुलिस के अनुसार, 27 जुलाई को शिवम ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहा था। बारिश होने के कारण वह रानीताल में दिनेश फर्नीचर के पास खड़े होकर बारिश रुकने का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान कुनाल अपने साथी शनि के साथ बाइक से वहां पहुंचा और शिवम को देखते ही फायरिंग कर दी। हालांकि, शिवम गोली की चपेट में आने से बच गया।

घटना के बाद शिवम ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी।

 रानीताल श्मशान के पास घेराबंदी कर दबोचा

पुलिस टीम को सूचना मिली कि कुनाल रानीताल श्मशान के पास से गुजर रहा है। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक पिस्टल और कारतूस बरामद किए गए।

पूछताछ में कुनाल ने पुलिस को बताया कि फायरिंग में इस्तेमाल पिस्टल उसे छोटू चौबे ने उपलब्ध कराई थी। पुलिस अब इस संबंध में भी जांच कर रही है।

 आरोपी पर पहले से 6 मामले दर्ज

पुलिस के अनुसार, कुनाल पटेल आपराधिक प्रवृत्ति का युवक है। उसके खिलाफ अवैध वसूली, मारपीट, जुआ एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित छह अपराध पहले से दर्ज हैं।

आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी लॉर्डगंज नवल आर्य, उप निरीक्षक लेखराम नादोनिया, सहायक उप निरीक्षक मनोज गोस्वामी, पुष्पराज परस्ते, राजेश वर्मा तथा आरक्षक पंकज सनोडिया, हुलेश परस्ते, शुभम पटेल और ऋषभ बर्मन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

और नया पुराने